राजधानी रायपुर में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनी क्षेत्र में व्यापक आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने पूरे इलाके में घर-घर जाकर सघन जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। यह विशेष अभियान पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर चलाया गया। इसमें थाना सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र की पुलिस टीमों को शामिल किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्तों की निगरानी में अभियान को अंजाम दिया गया।
सुबह 8 बजे शुरू हुए इस अभियान में लगभग 100 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने कॉलोनी के विभिन्न ब्लॉकों में जाकर 300 से अधिक मकानों की गहन जांच की और निवासियों से जानकारी जुटाई।
किरायेदारों और संदिग्धों का सत्यापन
पुलिस ने विशेष रूप से किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और अस्थायी रूप से रह रहे लोगों के पहचान दस्तावेजों की जांच की। साथ ही निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों का भी सत्यापन किया गया। पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर निवासियों से संवाद किया और आवश्यक जानकारी एकत्र की। साथ ही लोगों को सुरक्षा संबंधी सुझाव भी दिए गए ताकि क्षेत्र में सतर्कता बनी रहे। अभियान के दौरान आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले या संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस ने चिन्हित लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कानून के दायरे में रहने की हिदायत दी।जनता से सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही किरायेदारों और घरेलू सहायकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया। पुलिस के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखना है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे आकस्मिक जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
