Shajapur Bus Accident: नेशनल हाईवे-52 पर शाजापुर में तेज रफ्तार से आ रही स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार करीब 32 यात्री घायल हो गए। वहीं ड्राइवर और क्लीनर को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, पाटीदार ट्रैवल्स की स्लीपर बस गुना से इंदौर जा रही थी। इसी दौरान टुकराना जोड़ के पास बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
बस का अगला हिस्सा चकनाचूर
इसी दौरान शाजापुर बायपास पर टुकराना जोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में फंसा था ड्राइवर हादसे के बाद ड्राइवर बस के अंदर ही फंस गया था। मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।
32 यात्री घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे में ड्राइवर और क्लीनर को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बस में सवार करीब 32 यात्रियों को भी चोटें लगी हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया हादसे की सूचना मिलते ही लालघाटी और सुनेरा थाना पुलिस की डायल-112 टीमें मौके पर पहुंचीं। हाईवे-1033 की टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
ड्राइवर-क्लीनर इंदौर रेफर
सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर और क्लीनर को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया। फिलहाल बस के अनियंत्रित होने की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

