Shoaib Ibrahim: दीपिका कक्कड़ के वजन कम करने पर चर्चा, शौएब इब्राहिम ने शेयर किया नया व्लॉग
Shoaib Ibrahim: दीपिका कक्कड़ के नए फिट अवतार ने फैंस को हैरान कर दिया है। एक्ट्रेस ने हेल्दी डाइट और लाइफस्टाइल बदलाव से वजन कम किया। एक्सपर्ट बताते हैं कि हर तरह का वेट लॉस सेहत के लिए फायदेमंद नहीं होता, इसलिए सही सलाह जरूरी है।चर्चा तेज हो गई है।
Shoaib Ibrahim: टीवी इंडस्ट्री के मशहूर कपल शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में शोएब ने अपने यूट्यूब व्लॉग में अपनी पत्नी दीपिका की एक झलक फैंस के साथ शेयर की। इस वीडियो में दीपिका का बदला हुआ और काफी छरहरा अवतार देखकर फैंस हैरान रह गए। देखते ही देखते इंटरनेट पर उनके इस ट्रांसफॉर्मेशन की चर्चा तेज हो गई। व्लॉग में हालांकि शोएब ने दीपिका के वेट लॉस पर कोई लंबा-चौड़ा लेक्चर तो नहीं दिया, लेकिन उन्होंने जिम में साथ वर्कआउट करते हुए उनके इस बदलाव का जिक्र जरूर किया।
4-5 सालों के बाद वजह हुआ कम
शोएब ने बताया कि दीपिका ने सही इलाज और बैलेंस्ड डाइट की बदौलत अपना वजन काफी कम कर लिया है और वह अब अपने पुराने अवतार में लौट आई हैं। इस दौरान दीपिका ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि करीब 4-5 सालों के लंबे अंतराल के बाद उनका वजन इतना कम हुआ है। दीपिका पहले भी फैंस के साथ साझा कर चुकी हैं कि वह अपनी लाइफस्टाइल में धीरे-धीरे सुधार ला रही हैं, जिसमें हेल्दी डाइट और रोजाना वॉक शामिल है। दीपिका ने अपने फैंस को एक बहुत ही काम की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि सेहत से जुड़े मामलों में कभी भी किसी दूसरे इंसान का फिटनेस रूटीन या डाइट प्लान आंख बंद करके फॉलो नहीं करना चाहिए।
फिटनेस एक्सपर्ट गिरमा गोयल ने साझा की जानकारी
कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा एक्सपर्ट्स या डॉक्टरों की सलाह लेना बेहद जरूरी है। दीपिका के इस वेट लॉस ने एक बेहद गंभीर और महत्वपूर्ण विषय की ओर लोगों का ध्यान खींचा है—क्या वजन कम होना हमेशा अच्छी सेहत की निशानी होता है? इस विषय पर इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कंसल्टेंट डाइटिशियन और फिटनेस एक्सपर्ट गरिमा गोयल ने बेहद अहम जानकारियां साझा की हैं। गरिमा का कहना है कि वजन घटने के पीछे की वजह समझना बहुत जरूरी है, तभी यह तय किया जा सकता है कि यह शरीर के लिए सही है या नहीं।
- इच्छा से घटाया गया वजन बनाम बीमारी से हुआ वेट लॉस: गरिमा बताती हैं कि सही खान-पान और एक्सरसाइज से सोच-समझकर घटाया गया वजन, किसी बीमारी या मेडिकल ट्रीटमेंट की वजह से अचानक घटे वजन से बिल्कुल अलग होता है।
मसल लॉस और कमजोरी का खतरा: लंबी बीमारी या हैवी मेडिकल ट्रीटमेंट के दौरान जब अनजाने में वजन घटता है, तो अक्सर शरीर में न्यूट्रिशन की कमी हो जाती है और मांसपेशियां (Muscles) कमजोर होने लगती हैं। ऐसे में सिर्फ दुबला दिखना अच्छी सेहत का पैमाना नहीं बन सकता।
सोशल मीडिया के ट्रेंड्स से बचें: अक्सर सोशल मीडिया पर पतले शरीर की तारीफें होने लगती हैं, लेकिन वेइंग मशीन पर दिखने वाला कम नंबर पूरी सच्चाई नहीं बताता। आपका एनर्जी लेवल, मांसपेशियों की ताकत, न्यूट्रिशन और ओवरऑल रिकवरी ज्यादा मायने रखती है।
हर इंसान की जरूरतें होती हैं अलग
एक्सपर्ट्स का मानना है कि जो लोग किसी बीमारी का इलाज करा रहे हैं, उनकी न्यूट्रिशन से जुड़ी जरूरतें आम वेट लॉस करने वाले लोगों से काफी अलग होती हैं। ऐसे मरीजों का लक्ष्य सिर्फ वजन घटाना नहीं, बल्कि शरीर में सही कैलोरी, प्रोटीन, ताकत और ओवरऑल हेल्थ को बनाए रखना होना चाहिए। इसलिए, किसी भी सेलिब्रिटी या सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के ट्रांसफॉर्मेशन को देखकर तुरंत वैसा ही रुटीन अपनाने के बजाय हमेशा अपनी मेडिकल स्थिति और डॉक्टर की सलाह के मुताबिक ही डाइट प्लान चुनना समझदारी है।