Sonakshi Sinha: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट री-शेयर किया है, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी की एक पुरानी तस्वीर का जिक्र किया गया है। इस तस्वीर में सोनिया गांधी अपने पति राजीव गांधी की गोद में बैठी नजर आ रही हैं। पोस्ट के साथ सोनाक्षी ने ऐसा कमेंट किया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया।
सोनाक्षी ने 'woemaniyah' नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट की पोस्ट शेयर की। इसमें एक ऐसी टिप्पणी की गई थी, जिसमें पति-पत्नी के बीच प्यार जाहिर करने पर सवाल उठाने वालों की सोच पर निशाना साधा गया था। पोस्ट में कहा गया कि वैवाहिक रिश्ते में एक-दूसरे के प्रति स्नेह दिखाना कोई गलत बात नहीं है।
फ्यूचर बच्चों को लेकर सोनाक्षी का मजेदार कमेंट
इस पोस्ट को शेयर करते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने लिखा, "बाप रे! मेरे फ्यूचर बच्चों को कोई आइडिया नहीं है कि उन्हें क्या देखने को मिलने वाला है। तैयार हो जाओ बच्चों, आप अभी जहां भी हो। उनका यह कमेंट पति-पत्नी के बीच खुले तौर पर प्यार जताने को लेकर था। सोनाक्षी ने हल्के-फुल्के अंदाज में अपने आने वाले बच्चों की प्रतिक्रिया का जिक्र किया।
सोनिया गांधी की किताब में भी शामिल हैं पुरानी यादें
दरअसल, सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के प्रकाशित होने के बाद राजीव गांधी के साथ उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी यादें भी चर्चा में हैं। किताब में दोनों की कुछ पुरानी तस्वीरें साझा की गई हैं। किताब के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने भी अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया था।राहुल गांधी ने बताया था माता-पिता के प्यार का किस्सा
राहुल गांधी ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया था कि उन्होंने अक्सर अपनी मां सोनिया गांधी को पिता राजीव गांधी की गोद में बैठे देखा था। उनके लिए यह बिल्कुल सामान्य बात थी। हालांकि, जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे, तो वहां उनके माता-पिता के बीच ऐसा व्यवहार देखने को नहीं मिलता था।
राहुल गांधी ने बताई माता-पिता के बीच हुई एकमात्र लड़ाई
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता को केवल एक बार झगड़ते हुए देखा था। यह घटना उस समय की थी, जब राजीव गांधी फोन पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से बातचीत कर रहे थे। राहुल के मुताबिक, सोनिया गांधी उस दौरान राजीव गांधी को कुछ बताने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन फोन पर व्यस्त होने के कारण उन्हें अपनी बात कई बार दोहरानी पड़ी।












