South Asian Games: पाकिस्तान 23 साल बाद साउथ एशियन गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। प्रतियोगिता का 14वां संस्करण 3 से 11 अप्रैल 2027 तक इस्लामाबाद, लाहौर और पेशावर में आयोजित किया जाएगा। साउथ एशिया ओलंपिक काउंसिल (SAOC) ने इस्लामाबाद में हुई बैठक के दौरान तारीखों और मेजबान शहरों को मंजूरी दे दी है। पाकिस्तान ने इससे पहले वर्ष 2004 में इस्लामाबाद में इन खेलों की मेजबानी की थी। उसे पहली बार 1989 में इस क्षेत्रीय प्रतियोगिता के आयोजन का अवसर मिला था।
साउथ एशियन गेम्स का यह संस्करण पहले 2021 में प्रस्तावित था, लेकिन कोरोना महामारी और अन्य कारणों से इसे लगातार टालना पड़ा। इसके बाद आयोजन की तारीख मार्च 2027 तय की गई थी, जिसे अब आगे बढ़ाकर अप्रैल कर दिया गया है। पाकिस्तान ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ सईद की अध्यक्षता में रविवार को SAOC की कार्यकारी समिति की बैठक हुई। आरिफ सईद साउथ एशिया ओलंपिक काउंसिल के अध्यक्ष भी हैं। बैठक में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करने के बाद इस्लामाबाद, लाहौर और पेशावर को मेजबान शहर के रूप में स्वीकृति दी गई।
ऑनलाइन बैठक में शामिल हुआ भारतीय प्रतिनिधि
बांग्लादेश, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका के प्रतिनिधि बैठक में प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। बैठक के बाद अधिकारियों ने इस्लामाबाद में उन खेल स्थलों का निरीक्षण भी किया, जहां विभिन्न मुकाबले कराने का प्रस्ताव है। पाकिस्तान ओलंपिक एसोसिएशन के एक अधिकारी के मुताबिक, भारत के प्रतिनिधि ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया। हालांकि, भारत और पाकिस्तान के मौजूदा राजनीतिक संबंधों को देखते हुए अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भारतीय दल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जाएगा या नहीं। अधिकारी का मानना है कि भारतीय प्रतिनिधि का बैठक में शामिल होना और प्रस्तावित तारीखों पर सहमति जताना सकारात्मक संकेत है। इसके बावजूद भारत की भागीदारी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इससे जुड़ी खबरें...रायपुर की बेटियों का कबड्डी में जलवा, अंडर-17 और अंडर-19 में संभाग स्तरीय खिताब पर कब्जा
सरकार की नीति के अनुसार फैसला करेगा IOA
बैठक से जुड़े एक अन्य सूत्र ने दावा किया कि भारतीय प्रतिनिधि ने किसी भी समय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की स्पष्ट सहमति नहीं दी। भारत ने हाल में इस्लामाबाद में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए भी अपनी टीम पाकिस्तान नहीं भेजी थी। भारत में संबंधित अधिकारी ने केवल इतना कहा कि भारतीय ओलंपिक संघ इस मामले में केंद्र सरकार की नीति के अनुसार ही फैसला करेगा। इसलिए भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी पर अंतिम स्थिति सरकार और IOA के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी।28 खेलों में होंगे 346 मेडल इवेंट
साउथ एशियन गेम्स 2027 में कुल 28 खेलों के अंतर्गत 346 मेडल स्पर्धाएं आयोजित किए जाने की योजना है। प्रतियोगिता में 3,200 से अधिक खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद जताई गई है। खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में तकनीकी अधिकारी और सहयोगी सदस्य भी पाकिस्तान पहुंचेंगे। मेजबान देश लगभग चार हजार खिलाड़ियों, अधिकारियों और विदेशी मेहमानों के स्वागत की तैयारी कर रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने प्रतियोगिता के लिए प्रस्तावित बजट को मंजूरी दे दी है। बजट की राशि जल्द जारी किए जाने की संभावना है।