Stock Market Update: दुनिया के अरबपतियों की सूची में मंगलवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। भारत के सबसे बड़े उद्योगपतियों में शामिल गौतम अडानी और मुकेश अंबानी की संपत्ति में भारी गिरावट दर्ज की गई। शेयर बाजार में कमजोरी के चलते अडानी की नेटवर्थ में करीब 42,000 करोड़ रुपए और मुकेश अंबानी की संपत्ति में
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, गौतम अडानी को मंगलवार को करीब 4.44 अरब डॉलर यानी 42,000 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ।
इसके बाद उनकी कुल संपत्ति घटकर करीब 105 अरब डॉलर रह गई और वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 20वें स्थान पर पहुंच गए। अडानी की संपत्ति में गिरावट की मुख्य वजह अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में आई गिरावट रही। अरबपतियों की कुल संपत्ति में उतार-चढ़ाव का बड़ा हिस्सा उनकी कंपनियों के शेयर मूल्य से जुड़ा होता है।
अडानी ग्रुप के सभी प्रमुख शेयरों में दिखी कमजोरी
15 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट के बीच अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों पर भी दबाव देखने को मिला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के अनुसार, अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 4.29 प्रतिशत गिरकर 2,928.60 रुपए पर बंद हुआ। वहीं अडानी पावर में 3.80 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 202 रुपए पर बंद हुआ। अडानी पोर्ट्स एंड SEZ का शेयर करीब 2.88 प्रतिशत टूटकर 1,713.80 रुपए पर पहुंच गया।
मुकेश अंबानी को भी हुआ 17 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा नुकसान
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में भी मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के मुताबिक, अंबानी की नेटवर्थ में करीब 1.78 अरब डॉलर यानी 17,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमी आई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में गिरावट के कारण उनकी कुल संपत्ति घटकर करीब 81.3 अरब डॉलर रह गई। मंगलवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.47 प्रतिशत गिरकर 1,239 रुपए पर बंद हुआ।अडानी की अन्य कंपनियों के शेयर भी गिरे
अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयर में 2.05 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 1,255 रुपए पर बंद हुआ। इसके अलावा अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस में 1.86 प्रतिशत की कमजोरी रही और शेयर 1,347.50 रुपए के करीब बंद हुआ। अडानी टोटल गैस का शेयर 2.46 प्रतिशत गिरकर 580.15 रुपए और अंबुजा सीमेंट्स का शेयर 2.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 381.75 रुपए पर बंद हुआ।
बाजार में गिरावट का असर, सेंसेक्स और निफ्टी भी टूटे
अडानी ग्रुप के शेयरों में गिरावट व्यापक बाजार में आई कमजोरी के बीच देखने को मिली। मंगलवार को सेंसेक्स 1.04 प्रतिशत गिरकर 74,003.82 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 1.19 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 23,118.60 अंक पर पहुंच गया। बाजार में गिरावट के पीछे कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी जैसे कारणों को प्रमुख माना गया, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।एलन मस्क की संपत्ति में भी बड़ी गिरावट
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की संपत्ति में भी मंगलवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। टेस्ला और स्पेसएक्स से जुड़े शेयरों में कमजोरी के कारण उनकी नेटवर्थ में एक दिन में करीब 24.8 अरब डॉलर की कमी आई। इसके बाद एलन मस्क की कुल संपत्ति घटकर करीब 892 अरब डॉलर रह गई। दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की संपत्ति में यह बदलाव शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव के कारण देखने को मिला।

