Suicide Attempt: गरियाबंद जिले में संचालित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पहुंची डायल-112 की टीम ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, धमतरी निवासी युवक नशे की लत से जूझ रहा था। परिजनों ने उपचार और पुनर्वास के लिए उसे घटना से एक दिन पहले ही नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। अगले दिन युवक बाथरूम गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया।
दरवाजा तोड़कर युवक को निकाला गया
केंद्र में मौजूद लोगों ने युवक को आवाज दी, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा और युवक को गंभीर हालत में बाहर निकाला। इसके बाद उसे जिला चिकित्सालय गरियाबंद ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए रायपुर के उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर कर दिया।इससे जुड़ी खबरे...Kota NEET Aspirant Death: 20 वर्षीय NEET अभ्यर्थी की मौत, फ्लैट में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
समाज कल्याण विभाग ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने केंद्र के कर्मचारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली और पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच में केंद्र की व्यवस्थाओं, निगरानी और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।