Kota NEET Aspirant Death: 20 वर्षीय NEET अभ्यर्थी खुशबू पटेल ने कोटा स्थित अपने किराए के अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली। वह दूसरी बार मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। पुलिस ने को घटना की जानकारी दी। मंगलवार रात खुशबू की छोटी बहन कोचिंग क्लास से वापस अपार्टमेंट पहुंची तो उन्हें छत के पंखे से लटका पाया। उनकी छोटी बहन भी कोटा में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। घटना कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क सिटी की है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी सही वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि पिछले NEET-UG प्रयास में करीब 450 अंक आने के बाद वह तनाव में थीं।
और भी पढ़े:- Chhattisgarh School Education Department: खत्म होगी शिक्षकों की किल्लत, 800 से ज्यादा निलंबित शिक्षकों की बहाली की तैयारी
JEE की तैयारी कर रही है छोटी बहन
पुलिस ने बताया कि खुशबू की छोटी बहन खुशी पटेल कोटा में JEE की तैयारी कर रही है। वह मंगलवार रात करीब 9 बजे जवाहर नगर में कोचिंग क्लास खत्म होने के बाद फ्लैट पर लौटी थी। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर खुशी ने अपने दोस्तों, सिक्योरिटी गार्ड और पड़ोसियों से मदद मांगी। इसके बाद ताला खोलने वाले व्यक्ति को बुलाया गया। दरवाजा खोले जाने पर खुशबू छत के पंखे से लटकी मिलीं। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और परिवार को दी गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
खुशबू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया। इसका अर्थ है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। सर्कल इंस्पेक्टर देवेश भारद्वाज के अनुसार, खुशबू दूसरी बार NEET की तैयारी कर रही थीं। प्रारंभिक जानकारी में पिछले परीक्षा परिणाम को लेकर उनके तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस ने दर्ज किया मामला
असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने खुशबू के दादा देशराज पटेल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रा का शव परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस मौत के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
इन्हें भी पढ़ें:- CTET September 2026: परीक्षा स्थगित, आवेदन के लिए मिला एक और मौका
पंखे में नहीं थी एंटी-हैंगिंग डिवाइस
अधिकारियों के मुताबिक, जिस किराए के अपार्टमेंट में खुशबू रह रही थीं, वहां छत के पंखे में एंटी-हैंगिंग डिवाइस नहीं लगी थी। कोटा हॉस्टल एसोसिएशन की गाइडलाइंस के तहत छात्रावास के कमरों में यह सुरक्षा उपकरण लगाना जरूरी है। पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक कोटा में किसी कोचिंग छात्र की आत्महत्या का यह आठवां मामला है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और आवासों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।