Tender Scam: नगर पालिका कांकेर की निविदा प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, करीब 40 लाख रुपए के विकास कार्य के लिए जारी टेंडर में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने प्रशासन के सामने मामला उठाया है। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर कुंदन कुमार और नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) पवन मेरिया को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, अनियमितता की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग भी की गई है। कांग्रेस का आरोप है कि निविदा प्रक्रिया में नियमों को दरकिनार कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए कुछ चुनिंदा फर्मों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई।
वेबसाइट पर अपलोड टेंडर की प्रक्रिया पर उठे सवाल
कांग्रेस नेता सुनील गोस्वामी ने बताया कि नगर पालिका की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को लगभग 40 लाख रुपए के विकास कार्य का टेंडर जारी किया गया था। उनका दावा है कि निविदा से जुड़े दस्तावेजों का नगर पालिका के आवक-जावक रजिस्टर में कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं है। गोस्वामी ने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया के पीछे कुछ लोगों की मिलीभगत हो सकती है। उनका कहना है कि इस तरह की गड़बड़ी से सरकारी निविदा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। इसी को लेकर कांग्रेस ने नगर पालिका में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
किसकी लॉगिन आईडी से अपलोड हुआ टेंडर
कांग्रेस ने सरकारी वेबसाइट पर टेंडर अपलोड किए जाने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकारी पोर्टल पर कोई भी निविदा अपलोड करने के लिए अधिकृत लॉगिन आईडी और पासवर्ड की जरूरत होती है। ऐसे में यह पता लगाया जाना चाहिए कि संबंधित टेंडर किस आईडी से और किस अधिकारी या कर्मचारी ने अपलोड किया था। कांग्रेस ने टेंडर अपलोड होने की तारीख, समय और लॉगिन से जुड़े तकनीकी रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है, ताकि पूरी प्रक्रिया में शामिल लोगों की पहचान हो सके। इससे पहले ब्लॉक और शहर कांग्रेस के पदाधिकारी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में FIR दर्ज करने की मांग कर चुके हैं।CMO बोले- स्वीकृत कार्य की राशि 20 लाख रुपए
मामले में नगर पालिका CMO पवन मेरिया ने बताया कि कांग्रेस की ओर से निविदा को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। उनके अनुसार, संबंधित विकास कार्य के लिए स्वीकृत राशि 20 लाख रुपए है, जबकि शिकायत में 40 लाख रुपए के टेंडर का उल्लेख किया गया है। CMO ने कहा कि फिलहाल संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक ने बताया कि कांग्रेस पदाधिकारियों ने फर्जी टेंडर को लेकर शिकायत की है। उन्हें जानकारी दी गई थी कि CMO अवकाश पर हैं और मामला तकनीकी प्रकृति का है। ऐसे में संबंधित तकनीकी कर्मचारियों और अधिकारियों से इसकी जांच कराई जाएगी।











