बिलासपुर में पुरानी रंजिश ने शुक्रवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। सरकंडा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पहले दो युवकों को मालवाहक वाहन से टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश की, फिर वाहन से उतरकर पाइप, डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है,
जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे लिंगियाडीह निवासी आदित्य महंत और रवि गंधर्व अपोलो चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान चिंगराजपारा की ओर से तेज रफ्तार में आया एक छोटा हाथी मालवाहक सीधे उनकी ओर बढ़ा और दोनों को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर जानबूझकर मारी गई थी।
वाहन से उतरते मारपीट
टक्कर के बाद मालवाहक से उतरे बांड्या और बऊवा नाम के युवकों ने दोनों से गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में अमन नायडू भी अपनी कार से मौके पर पहुंच गया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर आदित्य और रवि को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों ने डंडों, पाइप और धारदार हथियारों से वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलो को अस्पताल ईलाज जारी
पुलिस आरोपियों तक पहुंची
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घायलों से पूछताछ की। जांच के आधार पर पुलिस ने सन्नी उर्फ बऊवा अहिरवार, संजय उर्फ संजू विश्वकर्मा, मुकेश उर्फ मुक्की यादव, राहुल उर्फ छोटू यादव और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी लिंगियाडीह के निवासी बताए गए हैं।