दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार शाम केल्लाम इलाके में आतंकियों ने कायराना हरकत करते हुए गैर-स्थानीय मजदूरों को अपना निशाना बनाया। बिना किसी चेतावनी के की गई इस अंधाधुंध गोलीबारी में छत्तीसगढ़ के रहने वाले एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल मजदूर को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हमलावरों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने पूरे केल्लाम इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस आतंकी हमले पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा:
"कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है। अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।"
छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को मारी गोलीघटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के लगातार संपर्क में है और उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी। घटना के बाद से कुलगाम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। आने-जाने वाले सभी वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही है और संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।