TRAI MyCall App: भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए अपने ‘TRAI MyCall’ ऐप का नया वर्जन पेश किया है। इस ऐप के जरिए मोबाइल ग्राहक कॉल ड्रॉप, खराब आवाज और नेटवर्क से जुड़ी दूसरी समस्याओं की जानकारी सीधे TRAI और संबंधित टेलीकॉम कंपनी तक पहुंचा सकेंगे।
देश में कॉलिंग सेवा मोबाइल ग्राहकों की सबसे बुनियादी जरूरतों में शामिल है। इसके बावजूद कई इलाकों में कॉल कटने, आवाज टूटने और कॉल कनेक्ट होने में देरी जैसी शिकायतें सामने आती रहती हैं। MyCall ऐप को इन्हीं समस्याओं पर ग्राहकों की प्रतिक्रिया जुटाने के लिए तैयार किया गया है।
प्रत्येक कॉल के बाद दे सकेंगे रेटिंग
ऐप इंस्टॉल करने के बाद प्रत्येक कॉल समाप्त होने पर मोबाइल स्क्रीन पर एक पॉप-अप दिखाई देगा। इसमें यूजर एक से पांच स्टार तक रेटिंग देकर कॉल की गुणवत्ता के बारे में बता सकेगा। अच्छी कॉलिंग होने पर बेहतर रेटिंग और परेशानी आने पर कम रेटिंग दी जा सकती है। ऐप को पॉप-अप दिखाने और कॉल से जुड़ी प्रतिक्रिया दर्ज करने के लिए कुछ जरूरी अनुमतियों की आवश्यकता पड़ सकती है। यूजर अपनी सुविधा के अनुसार फीडबैक साझा कर सकता है।
इन समस्याओं की कर सकेंगे रिपोर्ट
कॉल के दौरान परेशानी होने पर ऐप में उसका कारण चुनने की सुविधा भी मिलेगी। इसमें कई विकल्प शामिल हैं, जैसे—
- कॉल का अचानक कट जाना
- आवाज का गूंजना
- आवाज देर से पहुंचना
- बातचीत के दौरान आवाज टूटना
- एक तरफ से आवाज नहीं आना
- क्रॉस कनेक्शन की समस्या
- कॉल कनेक्ट होने में अधिक समय लगना
यूजर की रिपोर्ट संबंधित टेलीकॉम कंपनी तक भेजी जाएगी, ताकि समस्या वाले नेटवर्क और क्षेत्र की पहचान कर सेवाओं में सुधार किया जा सके।
इसे भी पढ़ें:-Telegram का बड़ा धमाका, अब यूजर्स अपने नाम से बना सकेंगे फ्री वेबसाइट
गुप्त रखी जाएगी यूजर की पहचान
TRAI के इस ऐप पर मिलने वाले फीडबैक और नेटवर्क से संबंधित आंकड़ों को गोपनीय रखा जाएगा। टेलीकॉम कंपनी को यह जानकारी नहीं मिलेगी कि किस ग्राहक ने उसे कम या अधिक रेटिंग दी है। इससे यूजर बिना किसी झिझक के कॉलिंग सेवा का वास्तविक अनुभव साझा कर सकेगा।
सिग्नल की ताकत भी जांच सकेंगे
नए TRAI MyCall ऐप में कॉल की रेटिंग देने के अलावा मोबाइल सिग्नल की ताकत मापने की सुविधा भी दी गई है। यूजर अपने क्षेत्र की कॉल कनेक्टिविटी और पहले दिए गए फीडबैक की हिस्ट्री को इंटरैक्टिव मैप पर देख सकेगा। फिलहाल यह ऐप केवल एंड्रॉयड डिवाइस के लिए उपलब्ध है। इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप से मिलने वाले फीडबैक की मदद से TRAI और टेलीकॉम कंपनियों को कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों की पहचान करने और कॉलिंग सेवा बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।