UP Librarian Recruitment: लाइब्रेरियन पदों पर लंबे समय से भर्ती नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने मंगलवार को लखनऊ स्थित उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में जल्द नई भर्ती निकालने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अध्यक्ष से बात कर जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में वर्ष 2016 के बाद से लाइब्रेरियन पदों पर कोई भर्ती नहीं निकाली गई है।
इन्हें भी पढ़ें:- Chhattisgarh Teacher Protest: शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने उठाईं पांच प्रमुख मांगें, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांगPET-2025 के आधार पर भर्ती की मांग
उनका आरोप है कि कई जगह योग्य कर्मचारियों की जगह दूसरे लोगों से लाइब्रेरी का काम कराया जा रहा है, जबकि डिग्रीधारी अभ्यर्थी बेरोजगार हैं। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने PET-2025 के आधार पर लाइब्रेरियन की नई भर्ती निकालने की मांग की। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से लंबे समय से नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे योग्य युवाओं को अवसर मिलेगा।
लाइब्रेरी एक्ट का पालन नहीं होने का आरोप
प्रदर्शन में शामिल अभिषेक ने बताया कि अभ्यर्थी लंबे समय से भर्ती की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों ने 362 पदों की अधियाचना मिलने की जानकारी दी थी, लेकिन हर बार अगले महीने भर्ती निकालने का आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। अभ्यर्थी सुरेश ने आरोप लगाया कि वर्ष 2006 में बने लाइब्रेरी एक्ट का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर निर्धारित योग्यता नहीं रखने वाले लोगों से लाइब्रेरी का काम कराया जा रहा है।डिग्रीधारी अभ्यर्थियों ने जताई चिंता
अभ्यर्थियों का कहना है कि लाइब्रेरी साइंस की डिग्री होने के बावजूद उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है। लंबे समय से भर्ती नहीं निकलने के कारण उनका भविष्य दांव पर लगा हुआ है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार प्रदेश के छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं, इसलिए अभ्यर्थियों की परेशानी को समझते हैं और जल्द समाधान कराने का प्रयास करेंगे।





