CG Scholarship: छत्तीसगढ़ सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत छात्रवृत्ति आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना का लाभ राज्य के ऐसे विद्यार्थियों को मिलेगा, जो दूसरे राज्यों के मान्यता प्राप्त तकनीकी संस्थानों में बीई और बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। योजना के अंतर्गत मेरिट के आधार पर आठ नए छात्रवृत्तियां दी जाएंगी। चयनित विद्यार्थियों को हर माह 2 हजार रुपए की दर से दस माह का कुल 20 हजार रुपए वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाएगी। आवेदन 30 तारीख तक किए जा सकते हैं।
शीर्ष संस्थानों में पढ़ने वाले दूसरे राज्यों के छात्र पात्र
यह छात्रवृत्ति छत्तीसगढ़ शासन, तकनीकी शिक्षा विभाग की अधिसूचना और राजपत्र में प्रकाशित नियमों के तहत दी जाएगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी विद्यार्थी पात्र होंगे, जो दूसरे राज्यों के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी), राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी), भारतीय विज्ञान संस्थान और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआइसीटीई) से मान्यता प्राप्त अन्य उच्च तकनीकी संस्थानों में बीई या बीटेक पाठ्यक्रम के पहले वर्ष में पढ़ रहे हैं।
मूल निवास प्रमाण पत्र और 12वीं में 60 प्रतिशत अंक जरूरी
आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए कक्षा 12वीं की परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है। इसके साथ ही आवेदक के पास सक्षम अधिकारी द्वारा जारी छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवास प्रमाण पत्र होना चाहिए। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन फॉर्म संचालनालय नवा रायपुर से निःशुल्क ले सकते हैं या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
साल के अंत में मिलेगा 20 हजार रूपए छात्रवृत्ति
पात्रता और मेरिट के आधार पर संचालनालय तकनीकी शिक्षा, रायपुर द्वारा नई छात्रवृत्ति मंजूर की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि साल के अंत में संचालनालय द्वारा संबंधित संस्थान प्रमुख को भेजी जाएगी। संस्थान प्रमुख द्वारा तय शर्तें पूरी होने पर विद्यार्थियों को 20 हजार रुपए का भुगतान किया जाएगा।











