CG Board Exam: इंजीनियरिंग के सपने संजोए छत्तीसगढ़ के हजारों छात्रों के लिए अप्रैल 2027 का महीना काफी भागदौड़ और तनाव भरा रह सकता है। दरअसल, अगले साल अप्रैल में 12वीं की बोर्ड परीक्षा और जेईई मेन के दूसरे सत्र की संभावित तारीखों के बीच बेहद कम अंतर होने से छात्रों की धड़कनें बढ़ गई हैं। कई तारीखों पर परीक्षाएं आपस में टकराने की आशंका जताई जा रही है। इसी वजह से छात्र और अभिभावक अब छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से परीक्षाओं के शेड्यूल में बदलाव की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि किसी भी छात्र को मजबूरी में कोई एक परीक्षा छोड़ने या नुकसान उठाने की नौबत न आए।
टकरा सकती हैं तारीखें, बढ़ा असमंजस
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी। दूसरी तरफ, जेईई मेन 2027 के दूसरे सत्र के लिए 2 से 7 अप्रैल के बीच परीक्षा होने की चर्चा है। यदि यह संभावित कार्यक्रम इसी तरह रहा, तो अप्रैल का पहला सप्ताह इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। जानकारों और संभावित टाइमटेबल के अनुसार, 3 अप्रैल को जेईई मेन और बोर्ड परीक्षा की तारीख एक साथ पड़ सकती है। इसके आगे देखें तो 5 अप्रैल को भौतिकी (फिजिक्स), 6 अप्रैल को कुछ व्यावसायिक विषयों और 7 अप्रैल को क्षेत्रीय भाषाओं के पर्चे तय बताए जा रहे हैं। जिन छात्रों के विषय और तारीखें आमने-सामने आ जाएंगी, उनके सामने भारी दुविधा खड़ी हो सकती है। हालांकि, जेईई मेन का फाइनल शेड्यूल आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।
तैयारी की लय बिगड़ने का डर
छात्रों की दिक्कत सिर्फ एक ही दिन दो परीक्षाएं होने तक सीमित नहीं है। इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए 12वीं बोर्ड में अच्छा प्रतिशत लाना भी जरूरी है और जेईई मेन में बेहतर रैंक के लिए लगातार प्रैक्टिस भी उतनी ही अहम है। गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे विषय दोनों जगह आते हैं, लेकिन दोनों का पैटर्न और सवाल पूछने का अंदाज काफी अलग होता है। बोर्ड परीक्षा के दिनों में एक पेपर खत्म होते ही छात्र को अगले विषय की तैयारी में लग जाना पड़ता है। ऐसे में जेईई के लिए मॉक टेस्ट देना, सवालों का अभ्यास करना या कमजोर हिस्सों को दोहराना मुश्किल हो सकता है। वहीं दूसरी ओर, जेईई का पेपर देने के बाद बोर्ड के विषयों को रिवाइज करने के लिए भी पर्याप्त वक्त नहीं बच पाएगा। ऐसे में छात्रों को अब आधिकारिक समय-सारणी और संभावित समायोजन का इंतजार है।











