रायगढ़ जिले के खरसिया ब्लॉक अंतर्गत नवागांव में सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के साथ ही उड़ती धूल के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर पहुंचे और मार्ग अवरुद्ध कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क करीब 15 साल से खराब स्थिति में है। हालांकि, समय-समय पर मरम्मत कार्य जरूर कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
ग्रामीणों के मुताबिक खराब सड़क का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है, वहीं गर्मी के मौसम में धूल से लोगों को परेशानी होती है। ग्रामीणों के आंदोलन की जानकारी मिलने पर पूर्व भाजयुमो नेता रवि भगत अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और चक्काजाम में शामिल होकर ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति से नवागांव सहित आसपास के कई गांवों के लोग प्रभावित हैं।सड़क निर्माण की मांग पर अड़े ग्रामीण
रवि भगत ने बताया कि यह सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनाई गई थी, लेकिन लंबे समय से इसकी स्थिति खराब बनी हुई है। इससे नवागांव, चोढ़ा, पामगढ़, छोटे डूमरपाली, भालूनारा, आड़पथरा और रजघट्टा सहित कई गांवों के ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू किया जाए। साथ ही जब तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक इस मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जानी चाहिए। चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना है कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण की ठोस पहल चाहिए।


