छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से सरेआम गुंडागर्दी और लूटपाट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खरसिया चौकी इलाके में एटीएम से पैसे निकालकर लौट रहे एक सीएससी (CSC) सेंटर संचालक को तीन बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने बिना किसी उकसावे के युवक के साथ गाली-गलौज की और फिर उसे बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा। इसके बाद वे युवक की जेब में रखे 30 हजार रुपये से ज्यादा कैश और मोबाइल फोन लूटकर मौके से रफूचक्कर हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक, 36 वर्षीय अनिल कुमार मूल रूप से मालखरौदा थाना क्षेत्र के अमनदुला गांव का रहने वाला है।
एटीएम से निकाले थे 30 हजार
वह पिछले कुछ सालों से खरसिया के मदनपुर में रहकर तहसील कार्यालय के ठीक सामने अपना सीएससी सेंटर चलाता है। रुपयों की जरूरत होने पर अनिल हमालपारा स्थित एसबीआई (SBI) के एटीएम गया हुआ था। वहां से उसने 30 हजार 100 रुपये कैश निकाले और रकम अपनी जेब में सुरक्षित रखकर वापस लौटने लगा। अनिल अभी रास्ते में ही था कि हमालपारा तालाबपार के रहने वाले तीन युवक— शुभम केंवट, अजय भट्ट और प्रियांशु भट्ट वहां आ धमके। इन तीनों ने बिना किसी वजह के अनिल को भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं।
जानलेवा हमले से हुआ घायल
जब अनिल ने इस बदतमीजी का विरोध करते हुए उन्हें रोका, तो तीनों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसों व डंडे से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। बदमाशों की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने अनिल को जमीन पर पटक कर काफी दूर तक घसीटा। इस जानलेवा हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया।मारपीट के इसी हंगामे के बीच आरोपियों ने अनिल की जेब में रखे पूरे 30,100 रुपये और उसका कीमती मोबाइल फोन लूट लिया।खुद को घिरता देख तीनों बदमाश भाग निकले
बीच सड़क पर हो रहे इस बवाल को देखकर जब आसपास के लोग दौड़कर बीच-बचाव करने पहुंचे, तो खुद को घिरता देख तीनों बदमाश वहां से भाग निकले। बुरी तरह डरे-सहमे और घायल अनिल ने किसी तरह खरसिया पुलिस चौकी पहुंचकर अपने साथ हुई इस खौफनाक वारदात की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया है। नामजद आरोपी शुभम केंवट, अजय भट्ट और प्रियांशु भट्ट के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 296, 309(6) और 351(3) के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस इन फरार लुटेरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


