Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपने गृह क्षेत्र गोरखपुर के दौरे पर रहे। एक तरफ जहां उन्होंने मंच से विपक्ष की राजनीति पर तीखे प्रहार किए, वहीं दूसरी तरफ शहर के उस शोकाकुल परिवार के घर भी पहुंचे, जिसने हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की रैली के दौरान हुए सड़क हादसे में अपना 14 साल का बेटा खो दिया था। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। हालांकि, इस दौरान घर का माहौल बेहद गमगीन हो गया जब मुख्यमंत्री को अपने सामने पाकर मृतक छात्र की मां का सब्र टूट गया।
सीएम के सामने फूट-फूट कर रो पड़ी मां, कहा- 'मेरा बच्चा सड़क पर तड़पता रहा'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब मृतक छात्र की मां से बात करने पहुंचे, तो बेटे को खोने का गम उनकी आंखों से आंसू बनकर बह निकला। रुंधे गले और सिसकियों के बीच मां ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, "मेरी आवाज तक नहीं निकल रही है, समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं। हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि हमारे साथ ऐसा कुछ हो जाएगा। मेरा बेटा सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन किसी ने आगे बढ़कर उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया। अगर उसे वक्त पर इलाज मिल जाता, तो आज मेरा लाल जिंदा होता।"
रैली के जाम पर फूटा गुस्सा, अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप
बातचीत के दौरान पीड़ित मां का गुस्सा उस दिन शहर में लगे भीषण जाम और अव्यवस्था पर भी फूटा। उन्होंने सीएम के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर रैली और रूट डायवर्जन की जानकारी पहले से दे दी गई होती, तो उस दिन स्कूल बंद रहते और उनका बेटा इस तरह जाम में फंसकर मौत के मुंह में न जाता। मां ने इस पूरे हादसे के लिए सीधे तौर पर अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया और मुख्यमंत्री से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई।बहन करती रह गई इंतजार, फोन पर मिली अनहोनी की खबर
परिवार के इस दर्द को साझा करते हुए मृतक छात्र की बहन ने उस मनहूस दिन की पूरी कहानी बताई। उसने कहा कि हादसे वाले दिन उसका भाई उसे स्कूल से घर लेने आने वाला था। वह काफी देर तक गेट पर खड़ी होकर उसका इंतजार करती रही, लेकिन जब वह नहीं आया तो उसने घर पर फोन मिलाया। फोन छोटे भाई ने उठाया और रोते हुए बताया कि भैया का एक्सीडेंट हो गया है।
आरोपों के बीच अखिलेश यादव ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
इस पूरे मामले पर सियासी पारा चढ़ने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने इस घटना पर दुख जताया और मामले की सर्वोच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की ताकि सच सबके सामने आ सके। साथ ही, सत्ता पक्ष पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि संवेदनहीन लोग इस दुखद घड़ी में भी सिर्फ राजनीति कर रहे हैं, जबकि एक बच्चे को खोने का असली दर्द सिर्फ उसके परिवार वाले ही समझ सकते हैं।











