छत्तीसगढ़ शासन श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकारों के कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के श्रमिकों तक निरंतर पहुँचाया जा रहा है। शासन की मंशानुरूप प्रत्येक पंजीकृत श्रमिक परिवार को सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा निरंतर शिविर, पंजीयन एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्रों तक पहुँचाया जा रहा है।
पंजीकृत मज़दूरों को शिक्षा, स्वास्थ्य, औजार सहायता, मातृत्व लाभ, मृत्यु सहायता एवं आवास जैसी अनेक योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इन योजनाओं ने हजारों निर्माण मज़दूरों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके चेहरे पर मुस्कान दी है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से सहायता
कलेक्टर विनय लंगेह के मार्गदर्शन में श्रम कल्याण मंडल महासमुंद द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में छ.ग. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के तहत 40,700 हितग्राहियों को 19 करोड़ 3 लाख 90 हजार 103 रुपए तथा असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत 1,442 हितग्राहियों को 2 करोड़ 24 लाख 44 हजार 500 रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में प्रदान कर लाभान्वित किया गया है।
श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण की प्रगति
15 मार्च से 30 अप्रैल तक छ.ग. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अंतर्गत 511 श्रमिकों का पंजीयन एवं 1,621 श्रमिकों के पंजीयन का नवीनीकरण किया गया है। इसी तरह असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में 185 श्रमिकों का पंजीयन किया गया है।
विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आर्थिक सहायता वितरण
छ.ग. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अंतर्गत मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 247 हितग्राहियों को 2 करोड़ 47 लाख रुपए, मिनीमाता महतारी जतन योजना अंतर्गत 860 हितग्राहियों को 1 करोड़ 72 लाख रुपए, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना अंतर्गत 2,531 हितग्राहियों को 5 करोड़ 6 लाख 20 हजार रुपए, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना अंतर्गत 958 हितग्राहियों को 1 करोड़ 91 लाख 60 हजार रुपए, मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना अंतर्गत 3,500 हितग्राहियों को 1 करोड़ 29 लाख 62 हजार 756 रुपए, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना अंतर्गत 4,600 हितग्राहियों को 1 करोड़ 59 लाख 70 हजार 247 रुपए, मुख्यमंत्री सिलाई मशीन सहायता योजना अंतर्गत 86 हितग्राहियों को 6 लाख 79 हजार 400 रुपए, सुरक्षा उपकरण योजना अंतर्गत 3,842 हितग्राहियों को 57 लाख 63 हजार रुपए, नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत 13,794 हितग्राहियों को 2 करोड़ 76 लाख 49 हजार रुपए सहित अन्य कई योजनाओं के तहत सहायता प्रदान की गई है।
शिक्षा, कौशल एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ
निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना अंतर्गत 9,730 बच्चों को 1 करोड़ 32 लाख 47 हजार रुपए, नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना अंतर्गत 249 मेधावी छात्रों को 18 लाख 3 हजार 700 रुपए, दीर्घायु सहायता योजना अंतर्गत 4 वृद्धजनों को 80 हजार रुपए, खेल प्रोत्साहन योजना अंतर्गत 4 हितग्राहियों को 1 लाख 55 हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई है। साथ ही दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना अंतर्गत 4 महिलाओं को 4 लाख रुपए, 286 बच्चों को निःशुल्क कोचिंग तथा 5 बच्चों को अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना अंतर्गत निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है।
असंगठित कर्मकारों हेतु सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ
असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में 34 हितग्राहियों को 33 लाख 50 हजार रुपए, महतारी जतन योजना अंतर्गत 927 शिशुवती माताओं को 1 करोड़ 85 लाख 40 हजार रुपए, छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत 473 विद्यार्थियों को 3 लाख 94 हजार 500 रुपए तथा प्रसूति सहायता योजना अंतर्गत 8 गर्भवती महिलाओं को 1 लाख 60 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है।
