नवापारा-राजिम क्षेत्र के ग्राम चंपारण में भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत रायपुर जिला ग्रामीण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग उत्साहपूर्ण माहौल में प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी राजनीतिक रणनीति जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की गई।प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति देखने को मिली। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहब, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, अभियान के प्रदेश संयोजक अवधेश जैन, वर्ग प्रभारी संदीप शर्मा, जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, विधायक इंद्र कुमार साहू, जिलाध्यक्ष श्याम नारंग, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व विधायक देवजी पटेल, संजय ढीढी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री राजेश साहू और मंडल अध्यक्ष तोषन साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और जनसेवा के मूल मंत्र से जोड़ने का संदेश दिया।
संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक सक्रियता पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करना और उन्हें बूथ स्तर तक सक्रिय बनाना है। नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। साथ ही डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव और सोशल मीडिया के उपयोग पर भी कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान एक अलग तस्वीर भी देखने को मिली, जब प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज सहित कई पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा का उपयोग करते नजर आए। नेताओं के इस कदम को पर्यावरण संरक्षण और सादगी से जोड़कर देखा जा रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने बताया कि भाजपा अब पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दे रही है।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह, कई सत्रों में होगा प्रशिक्षण
चंपारण में आयोजित यह प्रशिक्षण वर्ग कई सत्रों में संचालित किया जाएगा, जिसमें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, जनसंपर्क, चुनाव प्रबंधन और सेवा कार्यों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने कहा कि प्रशिक्षित और जागरूक कार्यकर्ता ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

