बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम चारभाठा में जमीन संबंधी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन दिन पूर्व हुए इस विवाद में कुछ लोगों ने पिता-पुत्र के साथ जमकर मारपीट की। मामले में पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भीखमपिता धर्मदास निराला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 5 मई की रात उसके रिश्तेदार के भतीजे पुनऊ निराला, नरेंद्र और विकास उसके घर पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने उसके हिस्से की जमीन पर आने-जाने को लेकर रास्ते की मांग की और विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि इसी बात को लेकर तीनों ने पहले उसके पुत्र हेमंत निराला के साथ गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से मारपीट की। जब प्रार्थी बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान दोनों को गंभीर चोटें आईं और आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
