कटघोरा-बिलासपुर मार्ग पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कसनिया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती निवासी 22 वर्षीय प्रवेश यादव अपने दो दोस्तों के साथ पल्सर बाइक से सुतर्रा गांव गया था, जहां एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुआ था। देर रात तीनों दोस्त वापस दर्री लौट रहे थे।
इसी दौरान कसनिया मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का हैंडल ट्रेलर से टकराया और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान प्रवेश यादव की मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथियों को अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
मृतक के भाई प्रमोद यादव ने बताया कि अस्पताल पहुंचाने के बाद भी युवक की हालत गंभीर बनी हुई थी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच के आधार पर फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जाएगी।
महत्वपूर्ण बिंदु:
- सुतर्रा से लौटते समय हुआ हादसा
- कसनिया मोड़ पर ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर
- एक युवक की मौत, दो घायल
- चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी

