छत्तीसगढ़ के कोरबा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में कोरबा के पूर्व भाजपा सांसद स्वर्गीय बंशीलाल महतो के पुत्र डॉ. विवेक रंजन महतो समेत चार लोग सवार थे। सभी ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
पुलिस के अनुसार, डॉ. विवेक रंजन महतो अपने साथियों के साथ कार से कोरबा से रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान जमनीपाली के पास दर्री थाना क्षेत्र में कार के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया।
सूझबूझ से बची चार लोगों की जान
कार से धुआं उठता देख सभी चार लोग तुरंत वाहन से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में कार ने भीषण आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही हसदेव थर्मल पावर प्लांट फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।सड़क पर लगा लंबा जाम
कार में आग लगने की घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दर्री थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य कराई। प्रारंभिक जांच में कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

