शहर में रविवार को अलग-अलग वार्डों में आयोजित कथित चंगाई सभाओं को लेकर माहौल गर्मा गया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कई स्थानों पर पहुंचकर इन सभाओं का विरोध किया। इस दौरान सभा संचालकों और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बहस और नोकझोंक भी हुई। कुछ जगहों पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
हिंदू जागरण मंच का आरोप है कि बिना प्रशासनिक अनुमति और धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के नियमों का पालन किए बिना चंगाई सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों में कानून के तहत निर्धारित प्रक्रिया और प्रशासन को सूचना देना जरूरी है, लेकिन कई स्थानों पर इसका पालन नहीं किया जा रहा।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि इन सभाओं में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मूल धर्म में होने के बावजूद लोगों को चंगाई सभाओं से जोड़ा जा रहा है, जो कानून के उल्लंघन की स्थिति पैदा करता है।
विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिस और प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते ऐसे आयोजन लगातार बढ़ रहे हैं।
पुलिस ने मांगी सूची, कार्रवाई की बात
इधर पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है। संबंधित सभाओं की सूची मंगाई गई है। यदि कहीं बिना अनुमति या अवैध तरीके से चंगाई सभा आयोजित की जा रही है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रविवार को हुए विरोध प्रदर्शन और बहस के बाद शहर में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का माहौल बना रहा।
