छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा के दौरान सामने आई गंभीर लापरवाही पर शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। महासमुंद जिले के भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम स्कूल के परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 में नकल और परीक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में 5 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों की प्रवेश के दौरान सही तरीके से जांच नहीं की गई। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर कुछ छात्र इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, विशेष रूप से डिजिटल कैमरा, लेकर परीक्षा कक्ष तक पहुंच गए। बाद में परीक्षा से जुड़े वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
केंद्राध्यक्ष समेत पांच पर कार्रवाई
मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने केंद्राध्यक्ष समेत पांच कर्मचारियों पर कार्रवाई की है। निलंबित कर्मचारियों में गंगा प्रसाद पटेल (केंद्राध्यक्ष), अग्निवेश भोई और विशेष कुमार दास (सहायक केंद्राध्यक्ष), दुर्गाप्रसाद पटेल (पर्यवेक्षक) तथा विभिषा बुडे़क (नियमित शिक्षक) शामिल हैं।
कर्तव्यहीनता का मामला
लोक शिक्षण संचालनालय ने इसे गंभीर कर्तव्यहीनता और परीक्षा नियमों का उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान सभी कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय महासमुंद निर्धारित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार शिक्षा विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है। वायरल वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग की जांच की जा रही है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

