राजिम की राजनीति में सेवा और मानवीय संवेदनाओं की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। राजिम विधायक रोहित साहू ने गरियाबंद जिले के बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड मैनपुर के ग्राम पंचायत बोईरगांव के आश्रित ग्राम बेहराडीह निवासी विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के तीन वर्षीय मासूम युवराज नेताम के इलाज की जिम्मेदारी उठाई है। जन्म से गंभीर बीमारी से जूझ रहे इस बच्चे की मदद के लिए विधायक की तत्परता अब चर्चा का विषय बन गई है।
राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले कमार जनजाति के मासूम युवराज नेताम जन्मजात एनोरेक्टल मालफॉर्मेशन (मलद्वार न होना) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। बीते तीन वर्षों से उसका गरीब परिवार इलाज के लिए संघर्ष कर रहा था। आर्थिक तंगी, जागरूकता की कमी और संसाधनों के अभाव में बच्चे की तकलीफ लगातार बढ़ती जा रही थी। परिवार कई जगह मदद की उम्मीद लेकर भटकता रहा, लेकिन उचित इलाज संभव नहीं हो पा रहा था।
खबर मिलते ही सक्रिय हुए विधायक
विभिन्न समाचार पत्रों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जैसे ही यह मामला विधायक रोहित साहू के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत पहल की। विधायक ने जिला कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर बच्चे को तत्काल रायपुर भेजने के निर्देश दिए। उनकी विशेष पहल पर युवराज नेताम को राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।विधायक रोहित साहू स्वयं अस्पताल पहुंचे और मासूम युवराज का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों की टीम से मुलाकात कर उपचार की पूरी जानकारी ली। अस्पताल प्रबंधन और विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुसार युवराज का एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन किया जाना है। विधायक ने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि उपचार में किसी भी प्रकार की देरी न हो और बच्चे को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।हर गरीब का इलाज हमारी जिम्मेदारी – रोहित साहू
इस मौके पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि सेवा ही उनके जीवन का मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि राजिम विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे गरियाबंद जिले का हर नागरिक उनके परिवार का हिस्सा है। मासूम युवराज की पीड़ा और उसके परिवार के संघर्ष की जानकारी मिलने पर वे भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी कमार जनजाति प्रदेश की अमूल्य धरोहर है और यदि उनके बच्चों को इलाज के लिए भटकना पड़े तो यह चिंता का विषय है।पीएम जनमन योजना और अंत्योदय की भावना का जिक्र
विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए चलाई जा रही पीएम जनमन योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि धन के अभाव में किसी गरीब का इलाज न रुके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवराज और उसका परिवार इस संघर्ष में अकेला नहीं है, सरकार और समाज पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है।

