NEET पेपर लीक मामले और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने साइक्लोथॉन यात्रा शुरू की है। कांग्रेस की यह साइकिल यात्रा बुधवार सुबह इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आरएनटी मार्ग परिसर से रवाना हुई। यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कर रहे हैं। इंदौर से भोपाल तक चलने वाली यह साइकिल रैली दो दिनों में पूरी होगी। कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा के माध्यम से वह युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है।
परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
कांग्रेस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए व्यापक सुधारों की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों की मेहनत प्रभावित होती है और उनका भविष्य संकट में पड़ता है। ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि दोबारा इस तरह की घटनाएं न हों। कांग्रेस का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में खामियों के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है।
इंदौर से शिप्रा तक निकलेगी यात्रा
कांग्रेस की साइक्लोथॉन यात्रा इंदौर शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। यात्रा रीगल, हाई कोर्ट, मालवा मिल, भंवरी और विजय नगर होते हुए शिप्रा तक पहुंचेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल होंगे।
यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे।
शामिल होंगे हजारों साइकिल यात्री
इंदौर से भोपाल तक आयोजित इस साइक्लोथॉन में बड़ी संख्या में साइकिल सवार हिस्सा लेंगे। कांग्रेस के अनुसार, यात्रा के रास्ते में आने वाले प्रत्येक जिले से करीब 500 साइकिल यात्रियों के शामिल होने की योजना है। इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल के प्रतिभागियों को मिलाकर यात्रा के अंतिम चरण में दो हजार से अधिक साइकिल यात्री प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ भोपाल पहुंचेंगे।
साइकिल चालकों की तैयार की गई सूची
यात्रा को सफल बनाने के लिए इंदौर से भोपाल तक पूरे रास्ते साथ चलने वाले नियमित साइकिल चालकों की अलग सूची तैयार की गई है। इसमें शहर के साइकिलिंग ग्रुप, साइकिल रेसर और विभिन्न फिटनेस क्लबों के सदस्य शामिल हैं। ये प्रतिभागी पूरी यात्रा के दौरान साइक्लोथॉन का हिस्सा रहेंगे।आष्टा में होगा पहला पड़ाव
कांग्रेस की यह साइकिल यात्रा पहले दिन इंदौर से रवाना होकर सीहोर जिले के आष्टा पहुंचेगी। यहां स्थित गोकुलधाम मैरिज गार्डन में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 15 जुलाई की सुबह यात्रा दोबारा कोठरी कस्बे से शुरू होगी और भोपाल की ओर आगे बढ़ेगी।
दूसरे दिन यात्रा भोपाल पहुंचकर समाप्त होगी, जहां कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।