राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में स्थित खारुन नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह नदी किनारे पहुंचे स्थानीय लोगों ने पानी में तैरता शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शव काफी समय तक पानी में डूबा रहा, जिसके कारण वह बुरी तरह सड़ चुका है। शव की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक पुरुष की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसका कद करीब 5 फीट 6 इंच, चेहरा गोल और रंग सांवला बताया गया है। शव पर पीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का लोवर मिला है। पुलिस ने आसपास के थानों और गुम इंसान रिकॉर्ड से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला
आसपास के लोगों से पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के लोगों और नदी किनारे रहने वालों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला हादसे का है या इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होते ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

