छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खंडसरा चौकी क्षेत्र के बंसापुर-सेमरिया गांव के पास स्कूल बस की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मासूम की मौत से गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
बस डीएवी स्कूल की बताई जा रही है
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल बस डीएवी स्कूल जांता की बताई जा रही है। बस बंसापुर-सेमरिया गांव के पास से गुजर रही थी, तभी तीन वर्षीय बच्चा उसकी चपेट में आ गया। बस के पहिए के नीचे आने के कारण बच्चे को गंभीर चोटें लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और उस समय बस की रफ्तार कितनी थी, इसकी पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद होगी।
चालक और कंडक्टर ने वाहन छोड़ भागा
हादसे के बाद बस का चालक और कंडक्टर वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद उनकी ओर से घायल बच्चे की सहायता करने का प्रयास किए जाने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। चालक और कंडक्टर के भागने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है
गांव के लोग उन्हें संभालने का प्रयास कर रहे हैं। जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र के लोगों को झकझोर दिया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद खंडसरा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूल बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के समय बस में कौन-कौन मौजूद था, वाहन के दस्तावेज पूरे थे या नहीं और चालक के पास वैध लाइसेंस था या नहीं, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
चालकों की लाचपवाही पर सचाल उठाए
सड़क पर खड़ी स्कूल बस और बच्चे की मौत की जानकारी मिलने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने स्कूल बसों के संचालन, चालकों की लापरवाही और ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर सवाल उठाए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और घटना से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटाई। तीन वर्षीय बच्चे की अचानक मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस की टीम ने बस चालक और कंडक्टर की तलाश
पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार बस चालक और कंडक्टर की तलाश कर रही हैं। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चालक और कंडक्टर के पकड़े जाने के बाद उनसे पूछताछ कर हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाया जाएगा।