ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित आमसभा के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही सूची को लेकर शुरू हुई चर्चा विवाद में बदल गई। पंचायत के उपसरपंच पोखन लाल यदु ने आरोप लगाया है कि बैठक के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और बाद में पंचायत भवन के बाहर उनके साथ मारपीट की गई। इस संबंध में उन्होंने थाना गोबरा नवापारा में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच के पुत्र सहित कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि 24 जून को ग्राम पंचायत जौंदी में आमसभा आयोजित की गई थी। बैठक के एजेंडे में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की सूची पर चर्चा की जा रही थी। पंचायत के अनुसार सूची में कुल 169 लोगों के नाम शामिल थे, जबकि कई ग्रामीणों का कहना था कि लगभग 120 पात्र लोगों के नाम सूची में नहीं जोड़े गए हैं। इसी मुद्दे को लेकर सभा में मौजूद कुछ लोगों ने उपसरपंच पर नाम कटवाने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
लोगों को भड़काने का भी लगाया आरोप
उपसरपंच पोखन लाल यदु का आरोप है कि सभा के दौरान टोमन लाल साहू ने जानबूझकर ग्रामीणों को उनके खिलाफ भड़काया। देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और बैठक में शोर-शराबा शुरू हो गया। उनका कहना है कि उन्होंने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोग लगातार उनके खिलाफ नारेबाजी और आरोप लगाते रहे। शिकायत के अनुसार, बैठक समाप्त होने के बाद कुछ लोगों ने उनका कॉलर पकड़ लिया और जबरन पंचायत भवन के बाहर ले गए। वहां पहले से मौजूद चिंतामणि, टोमन साहू, मिथलेश साहू, अलखराम साहू, बैतल साहू, लेखराम साहू, प्रहलाद साहू, एस कुमार सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
कपड़े फाड़े, बाइक गिराई और जबड़े में आई चोट
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
पोखन लाल यदु ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि पंचायत जैसी व्यवस्था संस्था की बैठकों में इस तरह की घटनाएं न केवल जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि पंचायत व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
