Abhanpur News: गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजिम से नवापारा की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और दोनों युवक अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। हादसे में एक युवक की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा और सुनील जैन बाइक से नवापारा की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों महानदी पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे, जबकि सुनील जैन पुल पर काफी दूर जा गिरे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए किया रेफर
हादसे में घायल सुनील जैन को भी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

पिकअप चालक भी हुआ घायल, पुलिस कर रही जांच
हादसे के बाद पिकअप चालक भी अचेत हो गया था, जिसे नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। चालक की पहचान बिशेषर कांवडे निवासी सांकरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हादसे के बाद महानदी पुल पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद महानदी पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
