दुर्ग में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट चलाने वाले युवक पर कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए का चालान काटा। साथ ही मौके पर ही अवैध साइलेंसर हटवाकर बाइक में मानक साइलेंसर लगवाया गया।
जानकारी के अनुसार, यातायात पुलिस शहर में ऐसे वाहनों की जांच कर रही है, जिनमें नियमों के विपरीत बदलाव किए गए हैं। इसी दौरान पुलिस टीम ने बुलेट क्रमांक CG07/BD-8498 को रोककर जांच की। जांच में बाइक में कंपनी के निर्धारित साइलेंसर की जगह मॉडिफाइड साइलेंसर लगा पाया गया।
स्टार्ट करते ही निकली तेज आवाज और चिंगारी
पुलिसकर्मियों ने जब बाइक को चालू कराकर देखा तो साइलेंसर से काफी तेज आवाज निकल रही थी। इतना ही नहीं, जांच के दौरान साइलेंसर से चिंगारी भी निकलती दिखाई दी। पुलिस के मुताबिक, इस तरह के बदलाव से सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(AG) के तहत कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।तेज आवाज वाले वाहनों पर आगे भी होगी कार्रवाई
इसके बाद मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाकर बाइक को निर्धारित मानकों के अनुरूप किया गया और चालक को आगे जाने की अनुमति दी गई। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि कई वाहन चालक बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करते हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अचानक तेज आवाज से सड़क हादसों की संभावना भी बढ़ जाती है। पुलिस ने साफ किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।