Animal Feed Price: भारत का पोल्ट्री उद्योग लगातार विस्तार कर रहा है, देश में अंडे और चिकन की खपत बढ़ने के साथ इनके निर्यात में भी तेजी आई है। हालांकि, बीते कुछ महीनों में उत्पादन लागत बढ़ने से इस कारोबार से जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं। खासतौर पर मक्का और सोयाबीन की कीमतों में उछाल ने पशु आहार यानी पोल्ट्री फीड को महंगा कर दिया है। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र में इन खाद्यान्नों की बढ़ती मांग के चलते आपूर्ति को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
पशु आहार की बढ़ती कीमतों से परेशान पोल्ट्री उद्योग
बढ़ती लागत से राहत पाने के लिए देश के पोल्ट्री संगठनों ने केंद्र सरकार से बड़ी मांग की है। उद्योग से जुड़े संगठनों ने भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अतिरिक्त खाद्यान्न भंडार में से करीब 50 लाख टन टूटे चावल और अन्य उपयुक्त खाद्यान्न पोल्ट्री सेक्टर को उपलब्ध कराने की अपील की है। इसके लिए संगठनों ने पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और FCI के अधिकारियों से बातचीत कर सब्सिडी वाली दरों पर चावल उपलब्ध कराने की व्यावहारिक नीति बनाने का आग्रह किया है।
FCI के पास निर्धारित सीमा से ज्यादा खाद्यान्न का भंडार
पोल्ट्री संगठनों का कहना है कि भारतीय खाद्य निगम के पास तय बफर स्टॉक मानकों की तुलना में काफी अधिक खाद्यान्न मौजूद है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 तक FCI के पास लगभग 84.38 लाख टन खाद्यान्न का भंडार था। इसमें 38.10 लाख टन चावल और 46.28 लाख टन गेहूं शामिल था। वहीं, इस अवधि के लिए निर्धारित बफर स्टॉक का मानक करीब 30.77 लाख टन था।अंडे और चिकन की कीमतों पर पड़ रहा असर
पोल्ट्री कारोबार में उत्पादन लागत का सबसे बड़ा हिस्सा पशु आहार पर खर्च होता है। उद्योग के मुताबिक, कुल उत्पादन लागत का करीब 65 से 70 प्रतिशत हिस्सा फीड पर जाता है। ऐसे में मक्का, सोयाबीन और दूसरी खाद्य सामग्री की कीमतें बढ़ने से मुर्गी पालन महंगा हो रहा है। इसका असर सीधे पोल्ट्री फार्म संचालकों की कमाई पर पड़ता है।
एथनॉल उत्पादन में भी हो रहा है चावल का इस्तेमाल
पोल्ट्री संगठनों ने सरकार की मौजूदा खाद्यान्न आवंटन नीति का भी हवाला दिया है। उनका कहना है कि पिछले कई वर्षों से FCI के टूटे चावल और अन्य पात्र चावल भंडार का इस्तेमाल एथनॉल उत्पादन के लिए किया जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, 2025-26 के एथनॉल सप्लाई वर्ष में कुल 1,050 करोड़ लीटर एथनॉल आवंटित किया गया। इसमें 761 करोड़ लीटर अनाज आधारित और 289 करोड़ लीटर चीनी आधारित स्रोतों से आया।
पोल्ट्री संगठनों ने सरकार से मांगी राहत
पोल्ट्री उद्योग से जुड़े संगठनों का मानना है कि FCI के अतिरिक्त चावल भंडार का इस्तेमाल पशु आहार तैयार करने में किया जा सकता है। इससे पोल्ट्री किसानों को मक्का और अन्य महंगे अनाज के मुकाबले एक किफायती विकल्प मिल सकेगा। साथ ही सरकारी गोदामों में जमा अतिरिक्त खाद्यान्न का बेहतर उपयोग होगा और भंडारण व्यवस्था पर भी दबाव कम किया जा सकेगा।












