अमूल ने 4 से 5 फीसदी तक बढ़ाए दाम
अमूल की नई दरों का गणित:
अमूल ताजा (टोन्ड मिल्क): अब 2 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।
अमूल गोल्ड (फुल क्रीम मिल्क): इसकी कीमत में सीधे 4 रुपये प्रति लीटर का उछाल आया है।
सर्दियों में आमतौर पर सस्ता होता है दूध, फिर इस बार उल्टी गंगा क्यों?
अमूमन सर्दियों के मौसम में दुधारू पशुओं की उत्पादन क्षमता बढ़ती है, जिससे बाजार में दूध की सप्लाई अच्छी रहती है और दाम स्थिर रहते हैं या कम होते हैं। लेकिन इस बार बाजार का ट्रेंड बिल्कुल उल्टा नजर आ रहा है। आखिर कंपनियां दाम बढ़ाने को क्यों मजबूर हुईं? इसके पीछे तीन बड़ी वजहें हैं:
मिल्क फैट (Milk Fat) की आसमान छूती कीमतें: पिछले कुछ महीनों से देशभर में दूध के फैट के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। डेयरी कंपनियों की प्रोसेसिंग लागत बढ़ने के पीछे यह सबसे बड़ा कारण है।
पशु आहार हुआ महंगा: चारे और पशु आहार की कीमतों में उछाल आने से पशुपालकों और किसानों की लागत बढ़ गई है। किसानों को राहत देने के लिए कंपनियों को खरीद मूल्य बढ़ाना पड़ा। अमूल ने फैट से जुड़ी खरीद दर को बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रति किलो कर दिया है, जिसके चलते किसानों से दूध 60 रुपये प्रति लीटर से भी ज्यादा की दर पर खरीदा जा रहा है।
पाउडर और फैट के इस्तेमाल की मजबूरी: कई इलाकों में ताजा दूध की सप्लाई मांग के मुकाबले कम है। इस कमी को पूरा करने के लिए कंपनियां मिल्क पाउडर और फैट का इस्तेमाल करती हैं। चूंकि फैट पहले से ही काफी महंगा है, इसलिए तैयार दूध की लागत बढ़ जाती है और आखिरकार इसका बोझ आम उपभोक्ता की जेब पर ही पड़ता है।











