Voltas News: टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनी वोल्टास में नेतृत्व को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है, टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा को कंपनी का 'चेयरमैन एमेरिटस' (मानद चेयरमैन) नियुक्त किया गया है। यह फैसला उनके चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिटायर होने के बाद लिया गया है। कंपनी ने इस संबंध में स्टॉक एक्सचेंज को नियामकीय जानकारी भी दी है।
टाटा ग्रुप की गवर्नेंस पॉलिसी के तहत नोएल टाटा 11 नवंबर 2026 को वोल्टास लिमिटेड के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिटायर होंगे। इसके अगले दिन यानी 12 नवंबर 2026 से उन्हें कंपनी का चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त किया गया है। वोल्टास की ओर से की गई रेगुलेटरी फाइलिंग में इस फैसले की पुष्टि की गई है।
70 साल की उम्र में रिटायरमेंट का नियम क्या है
नोएल टाटा का जन्म 12 नवंबर 1956 को हुआ था। इस लिहाज से 12 नवंबर 2026 को वे 70 वर्ष के हो जाएंगे। कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 196(3) के तहत 70 वर्ष की उम्र पूरी करने वाला व्यक्ति सामान्य रूप से मैनेजिंग डायरेक्टर या होल-टाइम डायरेक्टर के पद पर नियुक्त या कार्यरत नहीं रह सकता। हालांकि, विशेष प्रस्ताव के जरिए निर्धारित शर्तों के तहत इसकी अनुमति दी जा सकती है।
सुनील डिसूजा होंगे वोल्टास के नए चेयरमैन
नोएल टाटा के रिटायरमेंट के बाद सुनील एलारिक डिसूजा वोल्टास के नए चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। बोर्ड ने उनकी नियुक्ति 12 नवंबर 2026 से प्रभावी करने का फैसला किया है। फिलहाल डिसूजा टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हैं। उनके नेतृत्व में टाटा ग्रुप के कई प्रमुख कंज्यूमर ब्रांड्स का कारोबार संचालित हो रहा है।टाटा कंज्यूमर के कई बड़े ब्रांड्स से जुड़ा है डिसूजा का अनुभव
सुनील डिसूजा वर्तमान में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शीर्ष पद पर हैं। कंपनी नमक, चाय, कॉफी, पैकेज्ड फूड और पेय पदार्थों के कारोबार में सक्रिय है। टाटा सॉल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा संपन्न जैसे चर्चित ब्रांड इसी कंपनी के पोर्टफोलियो का हिस्सा हैं। अब उन्हें वोल्टास की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जयंत बालन को मिलेगी मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी
कंपनी के बोर्ड ने जयंत बालन को एडिशनल डायरेक्टर और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी है। फिलहाल वे वोल्टास के रूम एयर कंडीशनर बिजनेस का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी नियुक्ति 25 मई 2027 से पांच साल के कार्यकाल के लिए प्रस्तावित है। हालांकि, इसके लिए कंपनी के शेयरधारकों की मंजूरी लेना जरूरी होगा।उत्तराधिकार योजना के तहत हुआ फैसला
वोल्टास ने बताया कि जयंत बालन की नियुक्ति का निर्णय नॉमिनेशन एंड रेम्यूनरेशन कमिटी की सिफारिश के आधार पर लिया गया है। यह कंपनी की उत्तराधिकार योजना का हिस्सा है। उनके पास पहले से ही वोल्टास के रूम एयर कंडीशनर कारोबार की जिम्मेदारी है। ऐसे में कंपनी के प्रबंधन में उनकी नई भूमिका को महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।












