छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। सोशल मीडिया पर नशे के खिलाफ लगातार वीडियो बनाकर पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने वाला युवक अब खुद गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुआ है।
पुलिस ने उसके पास से 4 किलो से अधिक गांजा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान भिलाई निवासी 24 वर्षीय हरिशंकर यादव उर्फ जुगनू के रूप में हुई है। उसके कब्जे से करीब 4 किलो 198 ग्राम गांजा, 300 रुपए नकद और एक एक्टिवा स्कूटर जब्त किया गया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस को मिली थी मुखबिर से सूचना
यह कार्रवाई खुर्सीपार थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस का कहना है कि 29 जून को सूचना मिली थी कि हरिशंकर यादव बिहारी मोहल्ला इलाके में गांजा बेचने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बरामद हुआ। अभियान हरिशंकर यादव इंस्टाग्राम पर ‘जुगनू ब्लॉगर’ नाम से सक्रिय था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर सैकड़ों फॉलोअर्स हैं। वह लगातार ऐसे वीडियो साझा करता था जिनमें स्कूलों, पार्कों, खेल मैदानों और सुनसान स्थानों पर पड़े इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन, सिरिंज और नशीली दवाओं के अवशेष दिखाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग करता था।मां ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
करीब एक महीने पहले उसका एक वीडियो काफी वायरल हुआ था, जिसमें वह खुर्सीपार क्षेत्र के कई इलाकों में नशे से जुड़े सामान को साफ करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील करता नजर आया था। उसने स्कूल परिसरों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास निगरानी बढ़ाने की भी मांग की थी। दूसरी ओर, आरोपी की मां गोमती यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि उनके बेटे को बिना किसी ठोस आधार के हिरासत में लिया गया और झूठे मामले में फंसाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि वास्तव में गांजा बरामद हुआ है तो उसका स्पष्ट प्रमाण सामने लाया जाना चाहिए। उनका दावा है कि उनके बेटे का अपराध केवल इतना था कि वह इलाके में नशे के खिलाफ वीडियो बनाकर आवाज उठा रहा था।