Arang Development News: रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के अंतर्गत गुजरा-धमनी-कोटनी-पलौद से नवागांव तक सड़क के डामर नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 11 करोड़ 69 लाख 9 हजार रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। लगभग 15.50 किलोमीटर लंबाई वाले इस मार्ग के निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में सड़क सुविधा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों पर देवराज जांगड़े ने जताया आभार
इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य को बजट में शामिल कर प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान किए जाने पर भाजपा नेता देवराज जांगड़े ने छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। देवराज जांगड़े ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध होना ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। सड़क का नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण होने से संबंधित गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
सड़क मजबूतीकरण से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
उन्होंने कहा कि गुजरा, धमनी, कोटनी और पलौद से नवागांव तक के इस मार्ग का नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण क्षेत्रवासियों की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। 15.50 किलोमीटर लंबे मार्ग के लिए 11.69 करोड़ रूपए से अधिक की राशि की स्वीकृति क्षेत्र के सड़क अधोसंरचना विकास की दिशा में अहम है। देवराज जांगड़े ने इस कार्य को बजट में स्थान देने तथा प्रशासनिक स्वीकृति दिलाने के लिए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रति पुनः कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि सड़क निर्माण कार्य आगे बढ़ने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
रिपोर्ट - मोहनदास मानिकपुरी







