Chhattisgarh Agriculture: छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ, जिला रायपुर की ओर से शांति नगर स्थित विमतारा भवन में कृषि परिवार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के सदस्य अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। सम्मेलन का उद्देश्य संगठन के सदस्यों के बीच आपसी मेलजोल, एकजुटता और सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा। समारोह में छत्तीसगढ़ केश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर संगठन के संस्थापक एवं पूर्व प्रांत अध्यक्ष एनएस चंद्रवंशी, रघुराज सिंह गौतम, सीपी मिश्रा और पद्मेश कुंदन शर्मा सहित वर्तमान प्रांत अध्यक्ष लिखेश कुमार वर्मा की विशेष उपस्थिति रही।

पूर्व प्रांत अध्यक्षों और कृषि अधिकारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान संगठन के विकास और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वर्तमान प्रांत अध्यक्ष लिखेश कुमार वर्मा सहित सभी पूर्व प्रांत अध्यक्षों का नागरिक अभिनंदन किया गया। वहीं, कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले जिले के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से कृषि विभाग के अधिकारियों के योगदान को सराहा गया और उन्हें आगे भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
आधुनिक कृषि तकनीकों पर हुई चर्चा
सम्मेलन के तकनीकी सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र, रायपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक गौतम राय ने कृषि से जुड़े आधुनिक तकनीकी पहलुओं पर अपने विचार रखे। उन्होंने कृषि क्षेत्र में तकनीकी जानकारी के महत्व को रेखांकित करते हुए अधिकारियों के साथ उपयोगी जानकारियां साझा कीं।छत्तीसगढ़ी कविताओं ने बांधा समां
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कवि, गीतकार और लेखक सैयद अय्यूब अली मीर, जिन्हें मीर अली मीर के नाम से भी जाना जाता है, विशेष आकर्षण रहे। उन्होंने अपनी छत्तीसगढ़ी रचनाओं और कविताओं के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति को प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और उनके परिजनों का उत्साह बढ़ाया। कृषि परिवार सम्मेलन सम्मान, तकनीकी जानकारी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संगम रहा। आयोजन के जरिए कृषि अधिकारियों को एक-दूसरे से जुड़ने, अनुभव साझा करने और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का अवसर मिला।






