Archan Chowdhury: पश्चिम बंगाल के छोटे से शहर कृष्णानगर से निकलकर अर्चन चौधरी ने कारोबार की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। कभी यूट्यूब चैनल से शुरू हुआ उनका सफर आज करोड़ों रुपए की साइबर सिक्योरिटी कंपनी तक पहुंच चुका है। खास बात यह है कि उन्होंने अमेजन की करीब 1.2 करोड़ रुपए सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़कर अपना स्टार्टअप शुरू किया। अब उनकी कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 में 15 करोड़ रुपए का कारोबार करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
13 साल तक दिग्गज कंपनियों में किया काम
अर्चन चौधरी फिलहाल बेंगलुरु में रहते हैं। उन्होंने विप्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फॉर्मेटिका और अमेजन जैसी बड़ी कंपनियों में करीब 13 साल तक साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में काम किया। अमेजन में वह साइबर फोरेंसिक लैब का नेतृत्व भी कर चुके हैं। अपने अनुभव के दौरान उन्होंने महसूस किया कि भारत में साइबर सिक्योरिटी की ट्रेनिंग ज्यादातर सर्टिफिकेट हासिल करने तक सीमित है, जबकि इस क्षेत्र में व्यावहारिक जानकारी और तकनीकी कौशल की काफी जरूरत है।
अमेजन की नौकरी छोड़ शुरू की अपनी कंपनी
यूट्यूब चैनल और ट्रेनिंग प्रोग्राम से मिली सफलता के बाद अर्चन ने नवंबर 2023 में 'ब्लैकपर्ल डीएफआईआर' की नींव रखी। इसके बाद 2024 में उन्होंने अमेजन की करीब 1.2 करोड़ रुपए सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़कर पूरी तरह अपने स्टार्टअप पर ध्यान देना शुरू कर दिया। बिना किसी बाहरी निवेश के शुरू हुई यह कंपनी आज साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में अपनी जगह बना रही है।
कोरोना काल में यूट्यूब चैनल से हुई शुरुआत
साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग में इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से अर्चन ने 2020 में कोरोना महामारी के दौरान एक एजुकेशनल यूट्यूब चैनल शुरू किया। लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद उन्होंने साइबर थ्रेट हंटिंग पर अपना पहला कोर्स लॉन्च किया। इस कोर्स के लिए महज एक सप्ताह में 500 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया और शुरुआती तौर पर 3 से 4 लाख रुपए की कमाई हुई। इसी प्रतिक्रिया ने उन्हें इस काम को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाने का हौसला दिया।छोटे शहर से बड़े सपने तक का सफर
अर्चन का जन्म पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में हुआ था। उनके पिता सिविल इंजीनियर थे और उन्होंने बांग्ला माध्यम के सरकारी स्कूल से पढ़ाई की। पहली पीढ़ी के उद्यमी होने के कारण कारोबार शुरू करना उनके लिए आसान नहीं था। साल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान पिता को खोने और आर्थिक दबाव जैसी चुनौतियों का भी उन्हें सामना करना पड़ा।
टाटा और एयरबस जैसी कंपनियां हैं क्लाइंट
ब्लैकपर्ल डीएफआईआर अब डिजिटल फोरेंसिक, इंसिडेंट रिस्पॉन्स और थ्रेट हंटिंग जैसी विशेष साइबर सिक्योरिटी सेवाएं उपलब्ध करा रही है। कंपनी के क्लाइंट्स में टाटा एग्राटास, एयरबस, न्यूटैनिक्स और जॉन डियर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। बिना किसी बाहरी फंडिंग के कंपनी का इन प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंचना इसकी कारोबारी प्रगति को दर्शाता है।5,000 से ज्यादा लोगों को दे चुकी है ट्रेनिंग
कंपनी का काम केवल कॉर्पोरेट सेवाओं तक सीमित नहीं है। ब्लैकपर्ल अब तक अलग-अलग देशों के 5,000 से अधिक छात्रों और पेशेवरों को साइबर सिक्योरिटी की ट्रेनिंग दे चुकी है। इसके कॉर्पोरेट ट्रेनिंग प्रोग्राम की फीस भारत में 5 लाख से 30 लाख रुपए तक है, जबकि यूएई में इसकी शुरुआत 20,000 डॉलर से होती है।












