Asian Games Cricket 2026: जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। लगातार बारिश और खराब आउटफील्ड के कारण चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबले नहीं खेले जा सके। इसके बाद आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर चार टीमों को सेमीफाइनल में जगह दी गई है। बारिश के कारण मैच रद्द होने का फायदा भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को मिला है। अब क्रिकेट फैंस की नजरें सेमीफाइनल मुकाबलों पर हैं, जहां टीम इंडिया का सामना श्रीलंका से होगा।
एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट इवेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 1 अक्टूबर को खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल मुकाबला पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे शुरू होगा। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से खेला जाएगा।
अगर सेमीफाइनल भी बारिश की भेंट चढ़ा तो क्या होगा?
क्वार्टर फाइनल की तरह सेमीफाइनल मुकाबलों में भी मौसम की भूमिका अहम हो सकती है। अगर बारिश के कारण सेमीफाइनल मैच रद्द होता है तो टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार बेहतर रैंकिंग वाली टीम को फाइनल में प्रवेश मिलेगा। यानी जिस टीम की टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग बेहतर होगी, उसे फाइनल में जगह मिल जाएगी। ऐसे में रैंकिंग का महत्व एक बार फिर देखने को मिलेगा।क्या फाइनल में हो सकती है भारत-पाकिस्तान भिड़ंत?
अगर भारत और श्रीलंका के बीच होने वाला सेमीफाइनल बारिश के कारण रद्द होता है, तो बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारत फाइनल में पहुंच जाएगा। इसी तरह पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुकाबला रद्द होने की स्थिति में पाकिस्तान को फायदा मिल सकता है। भारत और पाकिस्तान की मौजूदा टी20 रैंकिंग बेहतर होने के कारण दोनों टीमों के बीच एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में हाई-वोल्टेज मुकाबले की संभावना बन सकती है। अब सभी की नजरें 1 अक्टूबर को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों और मौसम की स्थिति पर टिकी हैं।
