दिल्ली की स्टेनलेस स्टील कंपनी अवतार स्टील ने शेयर बाजार में लिस्ट होने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। कंपनी ने प्रस्तावित आईपीओ के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया है। कंपनी स्टेनलेस स्टील के लॉन्ग और वायर प्रोडक्ट्स का निर्माण करती है।
DRHP के मुताबिक, कंपनी के प्रस्तावित आईपीओ में 585 करोड़ रुपए तक के शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल होगा। इसके अलावा कंपनी के प्रमोटर सुमित जिंदल ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत 50 लाख तक शेयर बेच सकते हैं। आईपीओ का अंतिम आकार और अन्य शर्तें बाजार नियामक की मंजूरी तथा आगे की प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होंगी।
प्री-आईपीओ से भी जुटाई जा सकती है रकम
अवतार स्टील आईपीओ से पहले प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के जरिए 117 करोड़ रुपए तक जुटाने पर भी विचार कर रही है। कंपनी के मुताबिक, इस चरण में जुटाई गई रकम को आईपीओ के फ्रेश इश्यू से घटा दिया जाएगा। यानी प्री-आईपीओ के जरिए जुटाई गई राशि के अनुसार मुख्य इश्यू का आकार प्रभावित होगा।
नए स्पेशलिटी स्टील प्लांट पर होगा निवेश
कंपनी ने आईपीओ से मिलने वाली रकम के इस्तेमाल की योजना भी साझा की है। इसके तहत करीब 200 करोड़ रुपए नए स्पेशलिटी स्टील मेल्टिंग फैसिलिटी के निर्माण में लगाए जाएंगे। इस यूनिट में स्पेशल स्टील के साथ स्टेनलेस स्टील ब्लॉक्स और ब्लूम्स तैयार किए जाएंगे।
वायर प्रोडक्शन क्षमता बढ़ाने की भी योजना
नई फैसिलिटी के अलावा कंपनी मौजूदा संयंत्र में स्टेनलेस स्टील वायर के उत्पादन का विस्तार भी करेगी। इसके लिए आईपीओ से जुटाई गई रकम का एक हिस्सा इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ अपने स्टेनलेस स्टील कारोबार को और मजबूत करना है।


