70 सरपंचों ने जताई सहमति, पंचायतों की समस्याओं और सरपंचों के हित में काम करने का लिया संकल्प
Bagbahara News: स्थानीय सांस्कृतिक भवन में बागबाहरा क्षेत्र के सरपंचों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, सरपंचों के हितों और पंचायतों के कामकाज को लेकर चर्चा की गई। इसी दौरान बागबाहरा सरपंच संघ के अध्यक्ष पद के लिए ग्राम पंचायत चरोदा के सरपंच नारायण सिंह ठाकुर के नाम का प्रस्ताव रखा गया। मौजूद करीब 70 सरपंचों ने उनके नाम पर अपनी सहमति जताई। सर्वसम्मति बनने के बाद नारायण सिंह ठाकुर को बागबाहरा सरपंच संघ का निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद नारायण सिंह ठाकुर ने कहा कि सरपंच गांव के विकास की पहली कड़ी हैं। ग्राम पंचायतों के संचालन के दौरान सरपंचों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को व्यक्तिगत स्तर पर उठाने के बजाय सामूहिक रूप से संबंधित विभागीय अधिकारियों और प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा, ताकि उनका समय पर निराकरण हो सके।
चार सरपंचों की जांच का मामला भी उठेगा
ठाकुर ने कहा कि बागबाहरा क्षेत्र के चार सरपंचों के खिलाफ विभागीय अनियमितता को लेकर जांच चल रही है। इस मामले में संघ की ओर से संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष उचित तरीके से सरपंचों का पक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में तथ्यों और नियमानुसार स्थिति स्पष्ट कराने का प्रयास किया जाएगा।
GeM पोर्टल को लेकर प्रशिक्षण की तैयारी
बैठक में ग्राम पंचायतों में GeM पोर्टल के माध्यम से होने वाले कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई। नारायण सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायतों में GeM पोर्टल के माध्यम से खरीदी और अन्य कार्यों की प्रक्रिया को लेकर कई बार तकनीकी जानकारी के अभाव में दिक्कतें आती हैं। इसे देखते हुए सरपंचों और पंचायत प्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित कराने की पहल की जाएगी। इसमें पोर्टल की प्रक्रिया, नियमों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंचायतों को शासन की योजनाओं और नियमों की जानकारी दिलाने के साथ ही कार्यों के बेहतर संचालन में सहयोग करना भी रहेगा।
सरपंच संघ को मजबूत बनाने पर जोर
जनपद पंचायत बागबाहरा के अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि सरपंच गांव की विकास व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायत स्तर पर शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में सरपंचों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में सरपंच संघ का मजबूत और सक्रिय होना पंचायतों के हित में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नारायण सिंह ठाकुर के नेतृत्व में क्षेत्र के सभी सरपंच एकजुट होकर पंचायतों की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर काम करेंगे।
बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्र के सरपंच मौजूद रहे। सर्वसम्मति से नारायण सिंह ठाकुर के अध्यक्ष चुने जाने के बाद उपस्थित सरपंचों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। निर्विरोध निर्वाचन को सरपंचों के बीच आपसी एकजुटता और सामूहिक नेतृत्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।