जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के जर्वे बी स्थित ग्रामीण बैंक में देर रात चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। अज्ञात चोर बैंक का मुख्य ताला तोड़कर अंदर घुसा और वहां रखा कंप्यूटर सेट चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से बैंक में दाखिल हुआ और कुछ ही मिनटों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज
बैंक मैनेजर अजय बौद्ध की शिकायत पर बलौदा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ने बैंक में प्रवेश करने के लिए मुख्य ताला तोड़ा और कंप्यूटर सेट लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ संभावित सुराग जुटाने में लगी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध
जांच के दौरान बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक चेहरा गमछे से ढके हुए बैंक के अंदर प्रवेश करता और कंप्यूटर सेट लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के आने-जाने का पूरा रूट पता लगाया जा सके।डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित कर उनकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी तक जल्द पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर काम किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र के अन्य बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके