Bus Accident: नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई यात्रियों से भरी बस, 3 की दर्दनाक मौत, गैस कटर से निकाले गए फंसे लोग
Bus Accident: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सिमगा के पास बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सवारी बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गई। हादसे में 3 लोगों की मौt हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को रायपुर रेफर किया गया है।
Bus Accident: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम दरचुरा के पास एक तेज रफ्तार सवारी बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से पीछे से जा टकराई। इस
दर्दनाक दुर्घटना में मौके पर ही 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
अहले सुबह हुआ हादसा, मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल कंपनी की एक सवारी बस (नंबर CG04 NM 0859) अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर की ओर आ रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे जैसे ही बस सिमगा थाना क्षेत्र के इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास ग्राम दरचुरा पहुँची, वह सड़क पर पहले से खराब खड़े एक ट्रक से जोरदार ढंग से भिड़ गई। हादसे के वक्त बस में कुल 22 यात्री सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों की नींद एक झटके में गहरी चीख-पुकार में बदल गई।
सुरक्षा संकेत के बावजूद हुआ हादसा: बताया जा रहा है कि हाईवे पर खड़ा ट्रक पहले से खराब था और सुरक्षा के लिहाज से उसके पास एक स्टॉपर भी लगाया गया था, लेकिन इसके बावजूद बस अनियंत्रित होकर उससे जा टकराई।
गैस कटर का लेना पड़ा सहारा: टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और कुछ घायल यात्री अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल फौरन मौके पर पहुँचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर व अन्य उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा।
घायलों को किया गया रायपुर रेफर
दुर्घटना में घायल हुए सभी यात्रियों को तुरंत सिमगा के सरकारी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 7 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत रायपुर रेफर कर दिया गया है। सिमगा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई थी। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को प्रक्रिया के तहत आगे भेजा गया है और पुलिस इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।