Bank Holiday September: बैंक से जुड़ा कोई बड़ा काम है? तो शेड्यूल देख कर ही घर से निकलें, जानिए छुट्टियों और हड़ताल की पूरी डिटेल
Bank Holiday September: महीने में बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और नियमित छुट्टियों के कारण कई दिनों तक बैंक शाखाओं का कामकाज प्रभावित हो सकता है। 11 सितंबर और 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के अलावा दूसरे और चौथे शनिवार व रविवार की छुट्टियां भी रहेंगी। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि कैश निकासी, चेक जमा, KYC और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य समय से पहले पूरे कर लें।
Bank Holiday September: अगर इस महीने आपको बैंक की शाखा जाकर कैश निकालने, चेक जमा करने या केवाईसी जैसा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो थोड़ा सावधान हो जाइए। सितंबर के महीने में बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और नियमित साप्ताहिक छुट्टियों की वजह से मध्य प्रदेश भर में कई दिनों तक शाखाओं का कामकाज ठप रह सकता है। बताया जा रहा है कि इस आंदोलन में राज्य के करीब 40 हजार बैंक कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में अगर आपने समय रहते तैयारी नहीं की, तो आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
इन तारीखों पर थम सकता है बैंकों का काम
यूनियनों की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक:
11 सितंबर: बैंक हड़ताल।
12 सितंबर: दूसरा शनिवार (नियमित अवकाश)।
13 सितंबर: रविवार।
26 सितंबर: चौथा शनिवार (नियमित अवकाश)।
27 सितंबर: रविवार।
28 से 30 सितंबर: तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल।
इसका सीधा मतलब यह है कि महीने के बीच में और आखिरी दिनों में लगातार कई-कई दिनों तक बैंकों के ताले नहीं खुलेंगे।
किन सुविधाओं पर पड़ेगा असर?
हड़ताल और छुट्टियों के दौरान बैंक काउंटरों पर होने वाले सीधे लेन-देन प्रभावित रहेंगे। इनमें मुख्य रूप से:
शाखा से नकद जमा और निकासी
चेक क्लीयरेंस और ड्रॉप बॉक्स सुविधाएं
नए खाते खोलना और केवाईसी अपडेट (KYC)
लॉकर से जुड़ी सेवाएं और कागजी काम
ऑनलाइन लेन-देन में नहीं होगी समस्या
राहत की बात यह है कि बैंक शाखाएं भले बंद रहें, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई (UPI) और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी। एसबीआई के सेवानिवृत्त उप प्रबंधक अनिल चौबे का कहना है कि ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन माध्यम चालू रहने से आम लेन-देन में बड़ी समस्या नहीं आएगी, लेकिन शाखा से जुड़े जरूरी काम ग्राहकों को हड़ताल की तारीखों से पहले ही निपटा लेने चाहिए।
हर शनिवार अवकाश की मांग
बैंक यूनियनों की सबसे बड़ी और पुरानी मांग 'फाइव-डे बैंकिंग' (5 Day Banking) लागू करने की है। फिलहाल महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है, लेकिन यूनियनें चाहती हैं कि हर शनिवार को अवकाश घोषित किया जाए। इसके बदले में कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने को तैयार हैं।
इसके अलावा कर्मचारियों की प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
एनपीएस (NPS) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करना।
स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू पीएलआई (PLI) योजना को वापस लेना (यूनियनों का कहना है कि इससे कर्मचारियों में भेदभाव बढ़ेगा)।
पेंशन अपडेशन और एक्स-ग्रेशिया राशि की समीक्षा।
सभी के लिए समान डीए (DA) व्यवस्था लागू करना।
बैंक शाखाओं में कर्मचारियों की पर्याप्त भर्ती करना।
फिलहाल सरकार और बैंक प्रबंधन के बीच बातचीत का दौर जारी है। अगर बातचीत बेनतीजा रहती है, तो आने वाले दिनों में आम जनता की मुश्किलें बढ़ना तय है।