Best Snowfall Places: नवंबर का महीना घूमने-फिरने के शौकीनों के लिए खास होता है। मानसून की विदाई के बाद जहां मैदानी इलाकों में मौसम सुहावना हो जाता है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर भी शुरू हो जाता है। यही वजह है कि सर्दियों की शुरुआत में बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख करते हैं। अगर आप भी इस साल बर्फ से ढकी वादियों को करीब से देखना चाहते हैं और स्नोफॉल का अनुभव लेना चाहते हैं, तो नवंबर में कुछ चुनिंदा जगहों की यात्रा कर सकते हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर सिक्किम तक कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जहां इस दौरान बर्फ देखने का मौका मिल सकता है। आइए जानते हैं ऐसी ही तीन खूबसूरत जगहों के बारे में।

Gulmarg, Jammu & Kashmir
जम्मू-कश्मीर का गुलमर्ग सर्दियों में पर्यटकों की पसंदीदा जगहों में शामिल है। बर्फ से ढके पहाड़, खूबसूरत घास के मैदान और चारों तरफ फैली सफेद चादर यहां के नजारों को बेहद आकर्षक बना देती है। नवंबर के दौरान यहां ठंड बढ़ने के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना रहती है। सर्दियों में गुलमर्ग पहुंचने वाले पर्यटक बर्फीले पहाड़ों के बीच घूमने के साथ गोंडोला राइड का आनंद भी ले सकते हैं। अगर आप नवंबर में स्नोफॉल देखने का प्लान बना रहे हैं, तो गुलमर्ग एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

Lachung & Yumthang Valley, Sikkim
सिक्किम की खूबसूरत वादियों में स्थित लाचुंग और युमथांग वैली सर्दियों में किसी जन्नत से कम नहीं लगतीं। ऊंचे पहाड़ों, घुमावदार रास्तों और प्राकृतिक सुंदरता से घिरा यह इलाका शांति पसंद करने वाले पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। नवंबर में यहां के ऊंचाई वाले हिस्सों और जीरो पॉइंट के आसपास बर्फ देखने की संभावना रहती है। हालांकि, बर्फबारी मौसम की स्थिति पर निर्भर करती है। परिवार और दोस्तों के साथ पहाड़ों की खूबसूरती देखने और ठंडे मौसम का आनंद लेने के लिए यह जगह अच्छी मानी जाती है।

Zoji La Pass, Jammu & Kashmir
जोजिला दर्रा हिमालय के सबसे खूबसूरत और चुनौतीपूर्ण पहाड़ी मार्गों में से एक है। यह दर्रा श्रीनगर को कारगिल के रास्ते लद्दाख से जोड़ता है। सर्दियों की शुरुआत के साथ यहां के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने लगती है। बर्फ से ढकी पहाड़ियां और चट्टानी रास्ते इस पूरे क्षेत्र को बेहद खूबसूरत बना देते हैं। हालांकि, भारी बर्फबारी के दौरान सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है। ऐसे में यहां की यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेना जरूरी है।
घूमने का प्लान बनाने से पहले इन बात का रखें ध्यान
अगर आप इन जगहों पर बर्फबारी देखने जाना चाहते हैं, तो यात्रा से पहले मौसम विभाग की जानकारी और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी जरूर देखें। खासकर जोजिला दर्रा और सिक्किम के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है। गर्म कपड़े, जरूरी दवाइयां और यात्रा से जुड़ी आवश्यक तैयारियां साथ रखना न भूलें।






