POCSO Act: इंटरनेट पर हुई एक मुलाकात, फिर दोस्ती, प्यार और शादी का वादा... लेकिन इस कहानी का अंत एक कड़वे मोड़ पर आकर थमा है। भिलाई के धमधा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक नाबालिग किशोरी ने नवजात शिशु को जन्म दिया है। जब किशोरी ने अपने कथित प्रेमी से बच्चे को अपनाने और शादी करने की बात कही, तो उसने साफ इनकार कर दिया। अब मामला पुलिस के चौखट तक पहुँच चुका है।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई थी बातचीत
दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले दोनों की पहचान इंटरनेट (सोशल मीडिया) के ज़रिए हुई थी। किशोरी के गाँव में रहने वाले एक पड़ोसी के घर इस नाबालिग लड़के का अक्सर आना-जाना था। इसी वजह से दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी होकर प्यार में बदल गई। किशोरी का आरोप है कि लड़के ने उससे शादी करने का झूठा वादा किया और शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद जब लड़की गर्भवती हो गई, तो उसने लड़के को इसकी जानकारी दी। उस वक्त तो उसने शादी करने की बात मान ली थी, लेकिन वक्त बीतने के साथ उसके सुर बदल गए।
पारिवारिक दबाव का बहाना और धोखे की दास्तान
किशोरी के माता-पिता अलग-अलग रहते हैं, जिसकी वजह से वह अपनी नानी के पास रहकर पली-बढ़ी है। जब शादी की बात आगे बढ़ी, तो लड़के ने अपने घर वालों के दबाव का हवाला देते हुए रिश्ते से पीछे हटने का बहाना बना दिया। हाल ही में किशोरी ने एक बच्चे को जन्म दिया। जैसे ही यह खबर लड़के तक पहुँची, उसने नवजात को अपना मानने से ही सिरे से खारिज कर दिया। धोखे और बेबसी का शिकार हुई किशोरी ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और कानून का दरवाजा खटखटाया।
पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज, DNA टेस्ट से सामने आएगा सच
धमधा थाना पुलिस ने पीड़ित किशोरी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी नाबालिग लड़के के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की निष्पक्ष जाँच के लिए पुलिस अब नवजात बच्चे और आरोपी का DNA टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि DNA रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे के जैविक पिता (Biological Father) की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

