POCSO Act Case: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां दो नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब गांव में विश्वकर्मा जयंती के कार्यक्रम को लेकर लोग व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपी ने दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह उन्हें साइकिल से खेत की ओर लेकर गया, जहां वारदात को अंजाम दिया गया।
बच्चियों को चुप रहने के लिए दिए पैसे
जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने बच्चियों को किसी को कुछ नहीं बताने के लिए पैसे दिए थे। हालांकि, बच्चियों ने घर पहुंचकर डर और परेशानी के बीच पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कुछ ग्रामीणों ने आरोपी को बच्चियों के साथ जाते हुए देखा था। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान ललित ठाकुर के रूप में हुई है। आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुंडरदेही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद 19 सितंबर को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2), 137(2) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
