आगामी नगरीय निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। 1 जून को नगर पंचायत घुमका में होने वाले मतदान से पहले पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शनिवार को क्षेत्र का व्यापक दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही।
दौरे के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने घुमका क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति, बिजली, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
संवेदनशील केंद्रों के लिए विशेष सुरक्षा योजना
स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पर विशेष फोकस
मतदान के बाद ईवीएम और निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित संरक्षण के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का भी एसपी ने निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात सुरक्षा बलों, सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था और सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की बैठक लेकर चुनावी ड्यूटी से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और इसे निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी पूरी निष्पक्षता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
मोबाइल पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाने के निर्देश
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए एसपी ने मतदान क्षेत्रों में मोबाइल पेट्रोलिंग और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सक्रिय बदमाशों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी ने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता और चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए तथा किसी भी उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
