रायपुर के भाठागांव इलाके में सोमवार को एक चलती बाइक अचानक आग की चपेट में आ गई। हादसा उस समय हुआ, जब एक युवक होंडा शाइन बाइक से भाठागांव से तेलीबांधा की ओर जा रहा था। रास्ते में बाइक से अचानक धुआं उठने लगा। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बाइक में आग की लपटें उठने लगीं।
खतरा बढ़ता देख युवक ने तुरंत बाइक रोक दी और बिना देर किए उससे दूर हट गया। समय रहते बाइक से उतर जाने के कारण उसकी जान बच गई। कुछ ही देर में आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बाइक जलकर खाक हो गई।
सड़क पर जमा हुई लोगों की भीड़
बाइक में आग लगने की घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सड़क किनारे खड़ी थी और उसमें लगातार आग की लपटें उठ रही थीं। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। हादसे के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाइक आग से घिरी हुई दिखाई दे रही है। मौके पर मौजूद राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में बाइक से उठती आग की लपटें और आसपास खड़े लोगों की भीड़ नजर आ रही है।दमकल टीम ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। हालांकि, तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में युवक को कोई चोट नहीं आई और बड़ा नुकसान होने से बच गया। प्रारंभिक जांच में बाइक में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि अगर वाहन से धुआं निकलता दिखाई दे, जलने की गंध आए या कोई तकनीकी समस्या महसूस हो तो तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बना लें और समय रहते संबंधित विभाग को सूचना दें।